

अनिल साहू
प्रतापपुर वन परिक्षेत्र के करंजवार में घटना, डीएफओ समेत वन विभाग की टीम जांच में जुटी
सूरजपुर। जिले के प्रतापपुर वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत करंजवार के आमापारा क्षेत्र में सनसनी फैल गई, जब गेहूं के खेत में एक दतेल हाथी मृत अवस्था में मिला। हाथी की संदिग्ध हालात में मौत से इलाके में हड़कंप मच गया है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार खेत में मृत मिले हाथी को देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। वन विभाग के अधिकारियों ने मौके का बारीकी से निरीक्षण किया। विभागीय सूत्रों के मुताबिक हाथी की मौत करंट लगने से होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
घटना की गंभीरता को देखते हुए डीएफओ स्वयं मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जांच-पड़ताल कर रहे हैं। वन विभाग की टीम आसपास के क्षेत्र का भी निरीक्षण कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि हाथी की मौत किन परिस्थितियों में हुई।
फिलहाल पूरे मामले में सबकी नजर हाथी के पोस्टमार्टम पर टिकी हुई है। यह सवाल भी उठ रहा है कि आखिर एक स्वस्थ और दतेल हाथी की खेत में इस तरह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत कैसे हो गई। वन विभाग जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा होने की बात कह रहा है।
Author: anil sahu
जिला प्रतिनिधि सूरजपुर




