

अनिल साहू
सूरजपुर। शासकीय आर.आर.एम. पी.जी. कॉलेज, सूरजपुर के एम.एससी. कंप्यूटर साइंस के विद्यार्थियों द्वारा आयोजित शैक्षणिक एवं आध्यात्मिक भ्रमण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस भ्रमण के अंतर्गत विद्यार्थियों ने सांदीपनि आश्रम, ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग एवं महाकालेश्वर मंदिर का दर्शन किया।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने सांदीपनि आश्रम में भगवान श्रीकृष्ण द्वारा अर्जित 64 कलाओं के विषय में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। इससे उन्हें भारतीय संस्कृति, परंपराओं एवं प्राचीन ज्ञान के विविध आयामों को समझने का अवसर मिला। वहीं, ओंकारेश्वर एवं महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन कर विद्यार्थियों ने आध्यात्मिक शांति, ऊर्जा एवं सकारात्मकता का अनुभव किया।

इस शैक्षणिक यात्रा में प्राध्यापक विष्णु कुमार, मुकेश साहू, प्रिया गर्ग तथा ग्रंथपाल नीरजा भगत का विशेष मार्गदर्शन एवं सहयोग प्राप्त हुआ, जिससे यह भ्रमण अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं सफल रहा।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एच. एन. दूबे एवं विभागाध्यक्ष अखिलेश पांडेय के प्रति विद्यार्थियों एवं स्टाफ ने आभार व्यक्त किया। उनके मार्गदर्शन एवं सहयोग से ही इस प्रकार का उपयोगी शैक्षणिक भ्रमण संभव हो सका।
विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि ऐसे भ्रमण न केवल शैक्षणिक ज्ञान को बढ़ाते हैं, बल्कि मानसिक एवं आध्यात्मिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।





