खाकी की कलाई पर सजा स्नेह का रक्षा सूत्र, रामानुजनगर थाने में एकल अभियान ने घोली अपनत्व की मिठास

SHARE:

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

अनिल साहू

एकल अभियान की आचार्य बहनों ने पुलिस जवानों को बांधी राखी, थाना प्रभारी विराट बीसी ने जताया आभार

सूरजपुर/ रामानुजनगर। देश और समाज की सुरक्षा के लिए दिन-रात मुस्तैद रहने वाले पुलिस जवानों के लिए रक्षाबंधन का पर्व इस बार विशेष और भावुक रहा। रामानुजनगर थाना परिसर में एकल अभियान संच की आचार्य बहनों ने पहुंचकर पुलिस जवानों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा। बहनों के थाना परिसर में पहुंचते ही वातावरण पारिवारिक और उत्सवमय हो गया। आयोजन के दौरान आचार्य बहनों ने परंपरागत तरीके से पुलिस जवानों के माथे पर तिलक लगाया, आरती उतारी और उनकी कलाई पर राखी बांधी। बहनों ने पुलिस जवानों की दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य एवं सुख-समृद्धि की कामना की। पुलिस जवानों ने भी बहनों को सुरक्षा और सम्मान का भरोसा देते हुए इस आत्मीय पहल के लिए आभार व्यक्त किया।

भाई-बहन के रिश्ते के साथ राष्ट्रसेवा का संदेश

रक्षाबंधन के इस आयोजन ने भाई-बहन के पवित्र रिश्ते को राष्ट्रसेवा की भावना से जोड़ते हुए सामाजिक समरसता और आपसी विश्वास का संदेश दिया। थाना प्रभारी विराट बीसी ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व नहीं, बल्कि समाज में आपसी विश्वास, सम्मान और सुरक्षा की भावना को मजबूत करने का अवसर भी है। एकल अभियान की बहनों द्वारा पुलिस जवानों को राखी बांधकर दिया गया स्नेह और सम्मान उनके लिए भावुक एवं गौरवपूर्ण क्षण है। पुलिस हमेशा समाज की सुरक्षा और सेवा के लिए तत्पर है तथा बहनों से मिले इस रक्षा सूत्र से पुलिसकर्मियों को समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी और बेहतर ढंग से निभाने की प्रेरणा मिलती है। पुलिस जवानों ने कहा कि समाज की बहनों से मिले इस स्नेह और सम्मान से उनका मनोबल बढ़ता है तथा जनसेवा के प्रति जिम्मेदारी की भावना और मजबूत होती है।

कार्यक्रम में एकल अभियान से जुड़े पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही। प्रमुख रूप से राजेश कुमार साहू अंचल संगठन प्रभारी अंचल सूरजपुर, सुंदर लाल अंचल सचिव, अंजनी पाल अंचल हरिकथा अध्यक्ष, रामनारायण प्रजापति, रमेश, रामलाल प्रजापति सहित एकल अभियान की आचार्य बहनें एवं पुलिस थाना स्टाफ उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का समापन आपसी प्रेम, सम्मान, विश्वास और सामाजिक एकता की भावना के साथ हुआ। आयोजन ने पुलिस और समाज के बीच आत्मीय संबंधों को मजबूत करने के साथ रक्षाबंधन के पर्व को सेवा एवं समर्पण के भाव से और अधिक सार्थक बना दिया।

anil sahu
Author: anil sahu