
भरत लाल गुप्ता
उदयपुर। सरगुजा जिले में गौधाम समितियों के सफल संचालन एवं गौ संवर्धन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिलाध्यक्ष संतोष जायसवाल द्वारा विभिन्न विकासखंडों का दौरा कर समीक्षा बैठकें आयोजित की गईं।
बैठकों में गौधाम समितियों के कार्यों की समीक्षा के साथ-साथ आगामी समय के लिए विकास कार्ययोजना तैयार करने पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान गौ आधारित उत्पादों को बढ़ावा देने तथा ग्रामीण आजीविका को सशक्त बनाने पर विशेष जोर दिया गया।

जिलाध्यक्ष ने बताया कि गौ सेवा आयोग के माध्यम से राज्य में गौ संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सभी घुमंतू गायों को गौधाम में संरक्षित कर उनके समुचित पालन-पोषण की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही ब्लॉक के विभिन्न गौधामों का निरीक्षण कर वस्तुस्थिति का आकलन भी किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने विष्णुदेव साय की गौ सेवा एवं गौ रक्षा से जुड़ी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनका लाभ हर पशुपालक तक पहुंचाना आवश्यक है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से गौ संरक्षण के कार्य में सहभागिता की अपील की।

इस दौरान मैनपाट, सीतापुर, बतौली एवं लुण्ड्रा विकासखंडों में गौ संरक्षण कार्यों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला सदस्य हिम्मतलाल तिर्की, विश्वनाथ यादव, भगल प्रधान, रमाशंकर यादव सहित विभिन्न ब्लॉकों के अध्यक्ष एवं सदस्य उपस्थित रहे। साथ ही सुरभि गौधाम सोनतराई के अध्यक्ष हिरल मिंज एवं सरपंच चितरंजन भगत ने भी सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम के सफल संचालन में ग्रामीण युवा जन कल्याण समिति के सचिव कन्हाई राम बंजारा एवं कोषाध्यक्ष भरतलाल गुप्ता का विशेष योगदान रहा, जिसकी उपस्थित जनों ने सराहना की।
Author: anil sahu
जिला प्रतिनिधि सूरजपुर




