

भरत लाल गुप्ता
सायर उदयपुर में गौ सेवा समिति की अहम बैठक, 17 दिसंबर के राज्य स्तरीय आयोजन में अधिक से अधिक गौ सेवकों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर मंथन
उदयपुर। रायपुर में आगामी 17 दिसंबर को आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय गौ सम्मान दिवस को सफल बनाने के लिए वनांचल क्षेत्र सायर उदयपुर में गौ सेवा समिति, सरगुजा की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले से बड़ी संख्या में गौ सेवकों एवं कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के साथ ही रायपुर जाने की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता गौ सेवा आयोग के जिला अध्यक्ष ने की। इस दौरान जिला अध्यक्ष एवं ब्लॉक अध्यक्ष ने कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपने तथा गांव-गांव तक जनसंपर्क अभियान को गति देने पर जोर दिया।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि गौ माता की रक्षा, संवर्धन एवं गौ सेवा केवल एक आयोजन तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि यह संस्कृति, आस्था और सामाजिक जिम्मेदारी से जुड़ा अभियान है। आगामी गौ सम्मान दिवस को सफल बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया गया।
वनांचल से बड़ी संख्या में गौ सेवकों को रायपुर ले जाने की तैयारी
बैठक को संबोधित करते हुए सुखराम यादव ने कहा कि वनांचल क्षेत्र से बड़ी संख्या में गौ सेवकों को रायपुर ले जाने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए वाहन व्यवस्था, जनसंपर्क और प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारियां तय की गई हैं। प्रत्येक ब्लॉक से कार्यकर्ताओं एवं गौ सेवकों की सूची तैयार कर जिला कार्यालय को भेजने के निर्देश दिए गए।

गांव-गांव चलेगा जनजागरूकता अभियान
बैठक में उपस्थित सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों में गौ सेवा एवं गौ संरक्षण को लेकर जनजागरूकता अभियान चलाने का संकल्प लिया। गांव-गांव पहुंचकर लोगों को गौ माता के महत्व तथा गौ सेवा से जुड़े कार्यों के प्रति जागरूक करने का निर्णय लिया गया।
ये रहे प्रमुख रूप से मौजूद
बैठक में संतोष जायसवाल, सुखराम यादव, चंद्र बसु यादव, पारस यादव, रामनाथ, हेतु राम, सोमरू राम, गुरु चरण, रामनाथ अगरिया, रोहित राम सहित गौ सेवा समिति के अन्य सदस्य एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
अंत में जिला अध्यक्ष ने सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए 17 दिसंबर को रायपुर में आयोजित गौ सम्मान दिवस को सफल एवं व्यापक बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।





