ग्रामीण युवा जन कल्याण समिति की बैठक संपन्न, गौधाम संचालन एवं रोजगार सृजन पर बनी रणनीति

SHARE:

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

भरत लाल गुप्ता 

उदयपुर।सरगुजा जिले के उदयपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत पलका में समाजसेवी संस्था ग्रामीण युवा जन कल्याण समिति, उदयपुर द्वारा ग्रामवासियों के साथ सामाजिक उत्थान एवं ग्रामीण विकास को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्रामीण विकास, गौ संरक्षण, रोजगार सृजन एवं कृषि आधारित गतिविधियों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।

 

बैठक में मुख्य रूप से छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी गौ संरक्षण, संवर्धन एवं सुरक्षा योजना के अंतर्गत गौधाम संचालन को लेकर चर्चा हुई। समिति द्वारा ग्राम पंचायत सरगवां स्थित गौठान में गौधाम संचालन हेतु आवश्यक दस्तावेज एवं ग्रामसभा का अनापत्ति प्रमाण पत्र कार्यालय उप संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं, अम्बिकापुर में प्रस्तुत किया जा चुका है। ब्लॉक स्तरीय गौधाम समिति ने सर्वसम्मति से ग्रामीण युवा जन कल्याण समिति का चयन कर प्रस्ताव जिला प्रशासन को प्रेषित कर दिया है।

बैठक को संबोधित करते हुए समिति अध्यक्ष तपेसिया सिरदार ने कहा कि संस्था का गौधाम संचालन हेतु चयन होना पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि संस्था सामूहिक रूप से गौ सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करते हुए जिले एवं संभाग में एक आदर्श मॉडल प्रस्तुत करने का प्रयास करेगी।

संस्था सचिव कन्हाई राम बंजारा ने कहा कि गौ सेवा अत्यंत पुण्य का कार्य है तथा संस्था को यह जिम्मेदारी मिलने से घुमंतू, बेसहारा एवं अनाथ गायों के संरक्षण एवं देखभाल की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जा सकेगी। उन्होंने बताया कि गौधाम के माध्यम से स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी तैयार किए जाएंगे। इसके अंतर्गत चारा उत्पादन, गोबर से हर्बल एवं जैविक उत्पाद निर्माण, दुग्ध उत्पादन तथा गोमूत्र आधारित जैविक खाद निर्माण जैसी गतिविधियां प्रारंभ करने की योजना बनाई जा रही है।

समिति कोषाध्यक्ष भरत लाल गुप्ता ने कहा कि संस्था समाज सेवा के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में वन आधारित कुटीर उद्योगों को बढ़ावा देने की दिशा में भी कार्य कर रही है, जिससे ग्रामीण आजीविका मजबूत होगी और पलायन जैसी समस्याओं पर रोक लग सकेगी। उन्होंने बताया कि संस्था भविष्य में किसान उत्पादक संगठन (FPO) के गठन की दिशा में भी कार्य करेगी, जिससे किसानों, महिलाओं एवं युवाओं को बड़े स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ा जा सके।

बैठक में मुख्य रूप से तपेसिया सिरदार, कन्हाई राम बंजारा, भरत लाल गुप्ता, इनीता यादव, सहोद्री पावले, श्याम कुंवर, अमरनाथ सिरदार, बिंदो, शकुंतला सिंह, सिरमिना, पूरन सिंह सहित ग्राम पंचायत पलका के बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

anil sahu
Author: anil sahu

जिला प्रतिनिधि सूरजपुर