

अनिल साहू
सूरजपुर ।सर्व पिछड़ा वर्ग महासभा, सरगुजा संभाग द्वारा भारत सरकार के समक्ष एक महत्वपूर्ण मांग रखते हुए जनगणना 2027 के निर्धारित प्रपत्र में अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए पृथक कॉलम निर्धारित किये जाने हेतु ज्ञापन प्रेषित किया गया है। यह ज्ञापन महामहिम राष्ट्रपति एवं प्रधानमंत्री को, कलेक्टर सूरजपुर के माध्यम से भेजा गया है।ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि भारत सरकार, गृह मंत्रालय द्वारा दिनांक 22 जनवरी 2026 को जारी अधिसूचना के अनुसार आगामी जनगणना 2027 हेतु प्रश्नावली निर्धारित की गई है। इस प्रश्नावली में परिवार के सदस्यों से संबंधित विभिन्न जानकारियां संकलित करने के लिए प्रश्न तय किये गये हैं।किन्तु उक्त प्रश्नावली के अवलोकन से यह स्पष्ट होता है कि अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के लिए तो प्रावधान किया गया है, परंतु अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए पृथक कॉलम का समुचित उल्लेख नहीं किया गया है।

महासभा ने इसे अत्यंत चिंताजनक स्थिति बताते हुए कहा है कि देश की एक बड़ी आबादी ओबीसी वर्ग से संबंधित है। ऐसे में इस वर्ग की पृथक गणना का अभाव भविष्य की योजनाओं एवं नीतियों के निर्माण को प्रभावित कर सकता है। ज्ञापन में निवेदन किया गया है कि जनगणना 2027 के प्रपत्र में अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए पृथक कॉलम/प्रावधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि इस वर्ग की वास्तविक जनसंख्या का सही आकलन संभव हो सके एवं योजनाओं में इसका समुचित उपयोग किया जा सके।

यदि इस मांग पर विचार नहीं किया गया, तो समस्त अन्य पिछड़ा वर्ग समाज, सरगुजा संभाग द्वारा दिनांक 26 अप्रैल 2026 (रविवार), समय दोपहर 2:30 बजे, रेलवे स्टेशन सूरजपुर रोड (उंचडीह) में सांकेतिक रेल रोको आंदोलन करने की चेतावनी दी गई है। जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।इस दरम्यान नरेश राजवाड़े (प्रदेश महामंत्री, पिछड़ा वर्ग महासभा), पारसनाथ राजवाड़े (पूर्व विधायक, भटगांव), वीरेंद्र जायसवाल (जिलाध्यक्ष, जायसवाल समाज), राम लल्लू साहू (जिलाध्यक्ष, साहू समाज), राजेश यादव (प्रदेश संगठन मंत्री, यादव महासभा), कुसुमलता राजवाड़े (नगर पालिका अध्यक्ष, सूरजपुर), आकाश साहू (जिलाध्यक्ष, एनएसयूआई), लक्ष्मण राजवाड़े, लिली राजवाड़े सहित विभिन्न समाजों के पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।





