

अनिल साहू
सीटी स्कैन की सुविधा से जिले की लगभग 9 लाख लोगों के साथ पड़ोसी जिलों के निवासी होंगे लाभान्वित
सूरजपुर। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग छत्तीसगढ़ शासन, सीजीएमएससी तथा मुख्यमंत्री शासकीय अस्पताल रूपांतरण कोष (CMPHTF) मद के माध्यम से जिला चिकित्सालय सूरजपुर में 32 स्लाइस सीटी स्कैन मशीन स्थापित की गई है। इस अत्याधुनिक सुविधा का शुभारंभ आज मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने वर्चुअल माध्यम से किया।
उल्लेखनीय है कि लगभग 449.99 लाख रुपये की लागत से स्थापित इस सीटी स्कैन सुविधा के शुरू होने से जिले की लगभग 9 लाख 11 हजार आबादी के साथ-साथ पड़ोसी जिलों के मरीजों को भी इसका लाभ मिलेगा। इसके प्रारंभ होने से स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में जिले को एक बड़ी उपलब्धि मिली है।
सीटी स्कैन सुविधा उपलब्ध होने से सड़क दुर्घटनाओं में हेड इंजरी, मस्तिष्क में खून का थक्का जमने की स्थिति, कैंसर, ट्यूमर, छाती संबंधी संक्रमण, स्ट्रोक (पैरालिसिस), पेट संबंधी बीमारियों तथा मिर्गी जैसी विभिन्न गंभीर बीमारियों की जांच अब जिला चिकित्सालय में ही संभव हो सकेगी। पहले इन जांचों के लिए मरीजों को अंबिकापुर रेफर किया जाता था, जिससे समय और आर्थिक दोनों तरह की परेशानियां होती थीं।
नई सुविधा शुरू होने के बाद मरीजों को अब बाहर जाने की आवश्यकता नहीं होगी और निजी केंद्रों की तुलना में काफी कम दर पर सीटी स्कैन की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। जिला चिकित्सालय में रेडियोलॉजिस्ट एवं प्रशिक्षित टेक्नीशियन सहित 24×7 टीम की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है, जिससे मरीजों को निरंतर सेवाएं प्राप्त होंगी।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार सीटी स्कैन सुविधा के प्रारंभ होने से मरीजों और उनके परिजनों पर आर्थिक बोझ कम होगा तथा जिले के लोगों को बेहतर और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सकेगा। निश्चित रूप से यह सुविधा स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
Author: anil sahu
जिला प्रतिनिधि सूरजपुर



