

अनिल साहू
सूरजपुर।जिले में अवैध जुआ एवं सट्टा गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सूरजपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम नयनपुर के बासबाड़ी क्षेत्र में संचालित जुआ फड़ पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर उनके कब्जे से नगदी, दो मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन सहित कुल ₹1,08,335 मूल्य की संपत्ति जब्त की।
पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देशन में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 28 जून 2026 को थाना सूरजपुर पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम नयनपुर के बासबाड़ी क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान पर ताश के पत्तों से हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेला जा रहा है। सूचना की पुष्टि होने पर पुलिस टीम स्वतंत्र गवाहों के साथ मौके पर पहुंची और चारों ओर से घेराबंदी कर कार्रवाई की।
पुलिस को देखकर मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान कुछ लोग भागने में सफल रहे, जबकि पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए दो आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपी
देवराम राजवाड़े (30 वर्ष), निवासी गिरवरगंज, जिला सूरजपुर।
हितेश कुमार साहू (30 वर्ष), निवासी जयनगर, जिला सूरजपुर।
जब्त सामग्री
नगद राशि – ₹51,335
होंडा शाइन मोटरसाइकिल (क्रमांक CG-15-CJ-2165) ₹20,000
बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल (क्रमांक CG-29-A-2608) – ₹30,000
ओप्पो मोबाइल फोन – ₹7,000
कुल जब्त संपत्ति का अनुमानित मूल्य ₹1,08,335 आंका गया है।
वैधानिक कार्रवाई
आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 3(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई। अपराध जमानतीय होने के कारण नियमानुसार सक्षम जमानतदार प्रस्तुत किए जाने पर आरोपियों को मुचलके पर रिहा कर दिया गया।
पुलिस की अपील
सूरजपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध जुआ, सट्टा, शराब तथा अन्य आपराधिक गतिविधियों की जानकारी तत्काल निकटतम थाना या पुलिस चौकी को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
Author: anil sahu
जिला प्रतिनिधि सूरजपुर






