
लापरवाही पर बड़ी कार्रवाई: बुड़ार के प्रधान पाठक निलंबित, स्कूल में नशे में मिलने का आरोप
बैकुंठपुर / कोरिया। कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव के निर्देश पर जिले में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए अधिकारियों द्वारा लगातार स्कूलों का औचक निरीक्षण किया जा रहा है। इसी कड़ी में कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही और अनियमितता बरतने पर एक प्रधान पाठक पर गाज गिरी है।
जिला शिक्षा अधिकारी कोरिया ने पीएमश्री शासकीय प्राथमिक शाला बुड़ार, विकासखंड बैकुंठपुर के प्रधान पाठक अनिल कुमार पैकरा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस संबंध में 16 अक्टूबर 2026 को आदेश जारी किया गया है।
निरीक्षण में नशे में मिले प्रधान पाठक
आदेश के अनुसार, 30 सितंबर को सहायक संचालक शिक्षा, जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय कोरिया एवं प्रभारी प्राचार्य जेम्स सोनहत द्वारा विद्यालय का आकस्मिक निरीक्षण किया गया था।
निरीक्षण के दौरान प्रधान पाठक के कर्तव्य अवधि में मदिरा सेवन की स्थिति में विद्यालय में उपस्थित होने का उल्लेख किया गया है। संबंधित द्वारा कभी-कभार शराब सेवन करने की बात स्वीकार किए जाने का भी आदेश में उल्लेख है।
स्कूल भवन को बना रखा था निजी निवास
जांच में यह भी पाया गया कि प्रधान पाठक बिना अनुमति के शाला भवन के अतिरिक्त कक्ष का उपयोग व्यक्तिगत निवास के रूप में कर रहे थे, जिससे विद्यालय का शैक्षणिक एवं प्रशासनिक वातावरण प्रभावित हो रहा था। साथ ही शिक्षक द्वारा दैनंदिनी का संधारण भी नहीं किया गया था।
शिक्षा विभाग की इस सख्त कार्रवाई से जिले के लापरवाह शिक्षकों में हड़कंप मच गया है।





