बस्तामुक्त विद्यालय रुनियाडीह में स्वतंत्रता सेनानियों को नमन, प्रतियोगिताओं, नेवता भोज और पौधारोपण से बच्चों में जागी राष्ट्रभक्ति

SHARE:

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

अनिल साहू

शहीद बाबू परमानंद के पौत्र अंकित कोसरिया ने साझा किया प्रेरक जीवन प्रसंग, बालिका कबड्डी टीम को मिले 10 जोड़ी खेल जूते

सूरजपुर/विश्रामपुर।जिला कलेक्टर श्रीमती रेना जमील के निर्देशानुसार क्षेत्र के प्रथम बस्तामुक्त विद्यालय शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला रुनियाडीह में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं महापुरुषों के जीवन चरित्र पर आधारित विविध शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत निबंध, चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, वहीं बच्चों के लिए नेवता भोज और “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण भी किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर तथा मां सरस्वती के पूजन-अर्चन के साथ हुआ। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य श्रीमती कलेश्वरी कुर्रे, पूर्व जिला पंचायत सदस्य सत्यनारायण जायसवाल, बाबूलाल राजवाड़े, मंडल अध्यक्ष राजेश राजवाड़े, सांसद प्रतिनिधि राहुल जायसवाल, श्रमिक जनप्रतिनिधि लखन लाल कुर्रे, सेवानिवृत्त प्रधान पाठक रामसूरत जायसवाल, जनशिक्षक विजेंद्रलाल जायसवाल, एसएमसी अध्यक्ष श्रीमती कौशिल्या राजवाड़े सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता जिले के स्वतंत्रता संग्राम के शहीद बाबू परमानंद के पौत्र अंकित कोसरिया ने अपने उद्बोधन में बाबू परमानंद के संघर्षपूर्ण जीवन और देश की आजादी के लिए उनके बलिदान का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को राष्ट्रसेवा एवं देशभक्ति की प्रेरणा दी। विद्यालय परिवार ने उनका अंगवस्त्र एवं श्रीफल भेंटकर सम्मान किया।

विद्यालय के संस्था प्रमुख सीमांचल त्रिपाठी ने बताया कि आयोजित प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को कॉपी एवं पेन देकर सम्मानित किया गया। साथ ही अन्य प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान पूर्व जिला पंचायत सदस्य सत्यनारायण जायसवाल ने बालिका शिक्षा एवं खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विद्यालय की बालिका कबड्डी टीम को खेल मंत्री कैलास राजवाड़े के नेतृत्व में 10 जोड़ी कबड्डी शूज प्रदान किए।

नेवता भोज का आयोजन सत्यनारायण जायसवाल एवं श्रीमती गीता जायसवाल के परिवार द्वारा पुत्र नितिन जायसवाल, पुत्रवधू श्रीमती आनंदी जायसवाल की प्रथम पुत्री शांभवी जायसवाल के अन्नप्राशन संस्कार के अवसर पर कराया गया। इसमें अतिथियों एवं विद्यार्थियों ने एक साथ बैठकर पूड़ी, चावल, दाल फ्राई, चना मसाला, मटर पनीर, भिंडी की भुजिया, पापड़, सलाद, अचार और बालूशाही सहित विभिन्न व्यंजनों का आनंद लिया।

कार्यक्रम के समापन पर “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पीपल एवं नीम के पौधे रोपे गए तथा विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों को वृक्षारोपण, संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षक रिजवान अंसारी, बाल कैबिनेट के मंत्री दीपक राजवाड़े, युथ एवं इको क्लब की अध्यक्ष वर्षा राजवाड़े सहित विद्यालय परिवार एवं छात्र-छात्राओं की सक्रिय सहभागिता रही।

anil sahu
Author: anil sahu

सबसे ज्यादा पड़ गई