

अनिल साहू
प्रतापपुर के धोंधा क्षेत्र में पुल बहने से ग्रामीणों की बढ़ी मुश्किलें, छात्र, मरीज और किसानों का आवागमन प्रभावित, निष्पक्ष जांच की मांग तेज
सूरजपुर/प्रतापपुर। जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश अब जनजीवन पर भारी पड़ने लगी है। प्रतापपुर विकासखंड के धोंधा क्षेत्र में सेतु उपसंभाग द्वारा निर्मित पुल तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया, जिससे आसपास के कई गांवों का मुख्य मार्ग से संपर्क पूरी तरह टूट गया है। इस घटना ने एक बार फिर सरकारी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुल बहने के बाद ग्रामीणों की परेशानियां कई गुना बढ़ गई हैं। स्कूल जाने वाले बच्चों, मरीजों, किसानों और रोजमर्रा के कार्यों के लिए आने-जाने वाले लोगों को अब लंबा और जोखिम भरा वैकल्पिक रास्ता तय करना पड़ रहा है। वहीं कई गांवों में खाद्यान्न, दवाइयों और अन्य आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका भी गहरा गई है।
ग्रामीणों का आरोप है कि पुल निर्माण के दौरान गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया था। उनका कहना है कि निर्माण कार्य को लेकर पहले भी शिकायतें की गई थीं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों ने कोई ध्यान नहीं दिया। नतीजा यह रहा कि पहली ही तेज बारिश में पुल बह गया और लाखों रुपये की सरकारी राशि पर सवाल खड़े हो गए।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से तत्काल वैकल्पिक आवागमन की व्यवस्था करने, प्रभावित गांवों तक राहत पहुंचाने तथा पुल निर्माण कार्य की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों एवं ठेकेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल क्षेत्र में लगातार बारिश जारी है, जिससे अन्य पुल-पुलियों पर भी खतरा मंडरा रहा है। प्रशासन ने लोगों से जलभराव और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में सतर्कता बरतने की अपील की है।
Author: anil sahu
जिला प्रतिनिधि सूरजपुर




