

अनिल साहू
सरल डिजिटल लर्निंग प्रशिक्षण महाभियान की मिली अहम जिम्मेदारी, संगठन ने युवा कार्यकर्ता की सक्रियता पर जताया विश्वास
सूरजपुर। संगठन में दायित्व केवल पद नहीं होता, बल्कि वर्षों की मेहनत, अनुशासन और कार्यकर्ताओं के बीच अर्जित विश्वास का परिणाम भी होता है। भाजपा ने एक बार फिर युवा नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए युवा मोर्चा के सक्रिय कार्यकर्ता संस्कार अग्रवाल को डीएलपी अभियान के तहत रायपुर संभाग का संभागीय सह प्रभारी नियुक्त किया है। नई जिम्मेदारी मिलने के साथ ही संगठन में उनका कद भी बढ़ा है।भाजपा द्वारा सरल ऐप डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से संचालित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान के प्रभावी संचालन के लिए यह दायित्व सौंपा गया है। 23 जून से 6 जुलाई 2026 तक चलने वाले इस अभियान के अंतर्गत पार्टी के विभिन्न मोर्चों के मंडल, शक्ति केंद्र तथा बूथ स्तर के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को डिजिटल माध्यम से प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि संगठन की कार्यशैली, विचारधारा और कार्यपद्धति को जमीनी स्तर तक और अधिक सशक्त बनाया जा सके। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्देश, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय तथा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव के मार्गदर्शन में, जबकि भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राहुल योगराज टिकरिया के नेतृत्व में संस्कार अग्रवाल को यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा गया है।

अपनी नई भूमिका में वे रायपुर संभाग के विभिन्न जिलों के मंडलों, शक्तिकेंद्रो व बूथों का दौरा कर प्रशिक्षण कार्यक्रमों के समन्वय, संचालन और मार्गदर्शन का कार्य संभालेंगे। संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि संस्कार अग्रवाल ने पिछले कुछ वर्षों में युवा मोर्चा के विभिन्न अभियानों और संगठनात्मक गतिविधियों में निरंतर सक्रिय भागीदारी निभाई है। कार्यकर्ताओं से सतत संवाद, टीम भावना और संगठन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को देखते हुए ही उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसे उनके राजनीतिक जीवन की महत्वपूर्ण उपलब्धि के साथ-साथ सूरजपुर जिले के कार्यकर्ताओं के लिए भी गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने विश्वास व्यक्त किया है कि संस्कार अग्रवाल अपने अनुभव, ऊर्जा और संगठनात्मक क्षमता के बल पर प्रशिक्षण महाभियान को बूथ स्तर तक सफलतापूर्वक पहुंचाएंगे। पार्टी का उद्देश्य केवल प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि डिजिटल तकनीक के माध्यम से कार्यकर्ताओं को अधिक दक्ष, जागरूक और संगठित बनाना भी है। युवा नेतृत्व को लगातार अवसर देकर भाजपा ने एक बार फिर यह संदेश दिया है कि संगठन में समर्पण, सक्रियता और निरंतर कार्य करने वालों को समय पर उचित जिम्मेदारी अवश्य मिलती है।
Author: anil sahu
जिला प्रतिनिधि सूरजपुर






