

अनिल साहू
रामानुजनगर। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार सोमवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी रामानुजनगर की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में प्रदेशभर में महंगी बिजली, स्मार्ट मीटर और जनहित से जुड़े मुद्दों पर चरणबद्ध आंदोलन की रणनीति तैयार की गई। नेताओं ने आरोप लगाया कि लगातार बढ़ रही बिजली दरों से आम उपभोक्ता, किसान, मजदूर, छोटे व्यापारी और मध्यमवर्गीय परिवार आर्थिक दबाव झेल रहे हैं, वहीं स्मार्ट मीटर को लेकर उपभोक्ताओं की शिकायतें लगातार बढ़ रही हैं।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि ब्लॉक कांग्रेस कमेटी रामानुजनगर गांव-गांव और वार्ड-वार्ड जनसंपर्क अभियान चलाकर लोगों की समस्याएं सुनेगी। इसके बाद ज्ञापन, धरना-प्रदर्शन और अन्य लोकतांत्रिक माध्यमों से सरकार तक जनता की आवाज पहुंचाई जाएगी।
बैठक में पारित प्रमुख प्रस्ताव
बढ़ी हुई बिजली दरों को तत्काल वापस लेने की मांग।
स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया पर रोक तथा लगाए जा चुके मीटर हटाकर पूर्व व्यवस्था बहाल करने की मांग।
कांग्रेस सरकार की 400 यूनिट तक हाफ बिजली बिल योजना को पुनः लागू करने की मांग।
बिजली उपभोक्ताओं की शिकायतों के त्वरित एवं पारदर्शी निराकरण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग।
बैठक में संगठनात्मक मजबूती पर भी चर्चा हुई। प्रदेश कांग्रेस के निर्देशानुसार बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने तथा विभिन्न मंडलों एवं प्रकोष्ठों में आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपने का निर्णय लिया गया।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र साहू ने कहा कि कांग्रेस हमेशा जनता के अधिकारों की लड़ाई लड़ती रही है और महंगी बिजली तथा स्मार्ट मीटर जैसे जनहित के मुद्दों पर लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रहेगा। वहीं ब्लॉक कांग्रेस महामंत्री चंद्रदत्त दुबे ने कहा कि प्रत्येक गांव और वार्ड में जनसंपर्क अभियान चलाकर आंदोलन को व्यापक बनाया जाएगा तथा कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी।
बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार चरणबद्ध आंदोलन को सफल बनाया जाएगा तथा महंगी बिजली, स्मार्ट मीटर और जनहित के मुद्दों पर जनता की आवाज को मजबूती से उठाया जाएगा।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिलाध्यक्ष जिला कांग्रेस कमेटी सूरजपुर सुश्री शशि सिंह, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष ब्लॉक रामानुजनगर महेंद्र साहू, बिहारी कुलदीप, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी महामंत्री ब्लॉक रामानुजनगर चंद्रदत्त दुबे, गोपाल शर्मा, आनंद कुँवर, विमला सिंह, समरथ प्रजापति, विजय साहू, हमेंद्र साहू, अविनाश यादव, बालमुकुंद दास, राजेंद्र हितकर, राम साहू, महेश सिंह, विनय दुबे, अविनाश साहू, भोला गुप्ता, खुशी, अरबीना, तीरथ सिंह, राजेश सोनी, संतोष साहू, मिथुन चक्रधारी, वागिशा मानिकपुरी, परमेश्वर सिंह, विनय महंत, मिलन दास, राजेश सोनी, जय सिंह और कृष्णा साहू सहित सैकड़ो की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।






