

अनिल साहू
मानवीय संवेदनाओं के साथ स्वास्थ्य सेवाओं का नया सवेरा: लाइफ केयर मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल का भव्य शिलान्यास
सूरजपुर / मानपुर। जिले के मानपुर क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देने वाला एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। लाइफ केयर मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल के भव्य निर्माण कार्य का शिलान्यास 4 मई 2026 को गरिमामय समारोह में संपन्न हुआ। यह परियोजना क्षेत्र के नागरिकों को आधुनिक, सुलभ और किफायती चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू की गई है।
इस अवसर पर खतीबे अहले सुन्नत, अलहाज आले रसूल, हज़रत अल्लामा मौलाना सैय्यद अमीनुल कादरी साहब के करकमलों द्वारा शिलान्यास किया गया। उनकी उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान की, वहीं स्थानीय नागरिकों में भी भारी उत्साह देखने को मिला।
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, यह मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगा, जहां एक ही छत के नीचे मरीजों को विश्वस्तरीय चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। अस्पताल में 24×7 इमरजेंसी सेवा, OPD एवं IPD, अत्याधुनिक लैब, फार्मेसी, रेडियोलॉजी, ब्लड बैंक तथा विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उपलब्ध रहेगी।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शहरवासी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और अस्पताल से जुड़े लोग उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल को क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक कदम बताया।
अस्पताल की डायरेक्टर आयशा जियाउल हक ने बताया कि संस्था का उद्देश्य केवल एक अस्पताल का निर्माण करना नहीं, बल्कि जिले और आसपास के क्षेत्रों के हर नागरिक तक बेहतर और किफायती स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि यह अस्पताल आधुनिक तकनीक और मानवीय संवेदनाओं का अनूठा संगम होगा।
Author: anil sahu
जिला प्रतिनिधि सूरजपुर




