
अंबिकापुर ब्यूरो

रामानुजनगर जनपद उपचुनाव, भाजपा का सूपड़ा साफ, कांग्रेस की जानकी सिंह ने लहराया जीत का परचम
सेंदुरी, अक्षयपुर और परशुरामपुर क्षेत्र क्रमांक 16 में कांग्रेस की प्रचंड जीत, अपने ही गढ़ में सिमटीं भाजपा प्रत्याशी
सूरजपुर / रामानुजनगर
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तहत रामानुजनगर जनपद क्षेत्र क्रमांक 16 के उपचुनाव में सत्ताधारी दल भाजपा को करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा है।
इस हाई-प्रोफाइल मुकाबले में कांग्रेस की प्रत्याशी जानकी सिंह ने भाजपा की सुहानी सिंह को भारी मतों के अंतर से शिकस्त देकर एकतरफा जीत दर्ज की है।
हालांकि इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है, लेकिन पोलिंग एजेंटों की मतगणना पर्ची के आंकड़ों ने कांग्रेस की इस बड़ी जीत पर मुहर लगा दी है।
*आंकड़ों की जुबानी कहां किसे मिले कितने वोट*
शुरुआत में इस मुकाबले को कांटे की टक्कर माना जा रहा था, लेकिन जब ईवीएम और मतपेटियों के आंकड़े सामने आए, तो मुकाबला पूरी तरह एकतरफा नजर आया।
तीनों पंचायतों और पांचों पोलिंग बूथों से मिले आंकड़ों के मुताबिक
पंचायत/ पोलिंग कांग्रेस जानकी सिंह भाजपा सुहानी सिंह
परशुरामपुर हरिजनपारा सहित 3 बूथ 1131 363
अक्षयपुर 335 125
सेंदुरी 344 443
कुल वैध मत 1810 931
जीत का अंतर, कांग्रेस की जानकी सिंह ने भाजपा प्रत्याशी को 879 वोटों के विशाल अंतर से पटखनी देते हुए प्रचंड जीत हासिल की है।
इस चुनाव में कुल 135 मत रिजेक्ट अमान्य पाए गए।
तीखा प्रहार, अपने ही घर में भी नहीं बचा पाईं साख
इस चुनाव का सबसे दिलचस्प और तीखा पहलू यह रहा कि भाजपा प्रत्याशी सुहानी सिंह अपने खुद के गृह पंचायत सेंदुरी में भी कोई बड़ा चमत्कार नहीं कर सकीं। सेंदुरी से उन्हें मात्र 90 वोटों की मामूली बढ़त मिली, जबकि परशुरामपुर और अक्षयपुर में कांग्रेस की आंधी के आगे वे पूरी तरह तिनके की तरह उड़ गईं।
इन दोनों क्षेत्रों में भाजपा को करारी हार का सामना करना पड़ा।
*ढोल-नगाड़ों के साथ निकला विजय जुलूस, बांटी गई मिठाई
जैसे ही मतगणना पर्ची के आधार पर जीत का आकलन हुआ, विजयी प्रत्याशी जानकी सिंह परशुरामपुर हाई स्कूल पहुंचीं।
वहां उन्होंने उपस्थित समर्थकों और जनता जनार्दन का आभार व्यक्त किया और आशीर्वाद लिया। इसके बाद क्षेत्र में जश्न का माहौल बन गया। ढोल-नगाड़ों, आतिशबाजी और गगनभेदी नारों के साथ एक विशाल विजय जुलूस निकाला गया, जो जानकी सिंह के निवास स्थान तक पहुंचा। इस दौरान पूरे रास्ते में जगह-जगह मिठाई बांटी गई।
यह मेरी निजी जीत नहीं, बल्कि क्षेत्र की देवतुल्य जनता की जीत है।
जनता ने जो भरोसा मुझ पर जताया है, मैं उस पर हमेशा खरी उतरूंगी। सुख हो या दुख, मैं चौबीसों घंटे अपने क्षेत्र के लोगों की सेवा में तत्पर रहूंगी।
श्रीमती जानकी सिंह, विजयी प्रत्याशी
*हजारों की संख्या में उमड़ा जनसैलाब*
इस ऐतिहासिक जीत के जश्न में तीनों पंचायतों से भारी संख्या में महिलाएं और पुरुष शामिल हुए। जुलूस के दौरान मुख्य रूप से सरपंच प्रतिनिधि लालकेश्वर सिंह, परमेश्वर सिंह, आशिक खान, असलम खान इस्माईल जुन्नू , जहीर खान सहित हजारों की संख्या में ग्रामीण और कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
उपचुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में राजस्व अधिकारियों, शिक्षा विभाग के कर्मचारियों और पुलिस प्रशासन का सराहनीय योगदान रहा।





