
रामानुजनगर में निकली भव्य तिरंगा यात्रा
विधायक भूलन सिंह मरावी रहे मुख्य अतिथि, हजारों ने लिया हिस्सा
भारत माता की जय” के नारों से गूंजा पूरा नगर
रामानुजनगर, सूरजपुर स्वतंत्रता दिवस एवं “हर घर तिरंगा अभियान” के अंतर्गत रविवार को रामानुजनगर विकासखंड द्वारा भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा में प्रेमनगर विधायक माननीय श्री भूलन सिंह मरावी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
तिरंगा यात्रा विद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए वापस समापन स्थल पर पहुंची। इस ऐतिहासिक आयोजन में स्कूली बच्चे, भाजपा कार्यकर्ता, शिक्षक-शिक्षिकाएं,आंगनवाड़ी अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, युवा मोर्चा के साथीगण एवं बड़ी संख्या में नगरवासी शामिल हुए।
हाथों में तिरंगा लेकर चल रहे लोगों के “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम” और “हर घर तिरंगा” के गगनभेदी नारों से पूरा नगर राष्ट्रभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक श्री मरावी ने कहा कि तिरंगा हमारी आन-बान-शान का प्रतीक है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी में देशप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना का संचार करते हैं। उन्होंने सभी से अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराकर इस अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।
यात्रा में शामिल लोगों ने कहा कि राष्ट्रभक्ति के इस महोत्सव का हिस्सा बनकर उन्हें गर्व महसूस हुआ।
कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष, नगर पंचायत अध्यक्ष, जिला एवं मंडल के पदाधिकारी सहित प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे l



