

अनिल साहू
अधिकारियों और कर्मचारियों ने लगाए पौधे, पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के लिए लिया संकल्प
सूरजपुर/ बसदेई। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बसदेई परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य केंद्र के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा आमजन को भी अधिक से अधिक पौधारोपण के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कहा कि पेड़-पौधे मानव जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। बढ़ते प्रदूषण और पर्यावरणीय चुनौतियों के बीच वृक्षारोपण ही स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करने का प्रभावी माध्यम है। सभी ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने और उन्हें संरक्षित रखने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में सहायक चिकित्सा अधिकारी बृजलाल पटेल, फार्मासिस्ट प्रियंका घोष, नेत्र सहायक अधिकारी मारुति नंदन चक्रधारी, लैब टेक्नोलॉजिस्ट दिनेश रजवाड़े, स्टाफ नर्स सुमेश्वरी राजवाड़े, डीईओ (आयुष्मान) डॉ. निलेश साहू तथा सहायक ग्रेड-3 विजय राय सहित स्वास्थ्य केंद्र के कर्मचारी उपस्थित रहे।

स्वास्थ्य केंद्र के कर्मचारियों ने “एक व्यक्ति-एक पौधा” का संदेश देते हुए लोगों से पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संतुलन बनाए रखना तथा आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, सुरक्षित और हरित वातावरण प्रदान करना रहा।
Author: anil sahu
जिला प्रतिनिधि सूरजपुर




