

अनिल साहू
उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को मिला सम्मान, नवपदस्थ शिक्षकों का हुआ आत्मीय स्वागत
सूरजपुर। शिक्षक दिवस के अवसर पर संकुल केंद्र कोट, विकासखंड रामानुजनगर में संकुल स्तरीय शिक्षक सम्मान सह विदाई समारोह का गरिमामय आयोजन किया गया। समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया, वहीं पदोन्नति एवं स्थानांतरण होने वाले शिक्षकों को स्मृति चिन्ह भेंटकर ससम्मान विदाई दी गई। इस दौरान नवपदस्थ शिक्षकों का आत्मीय स्वागत भी किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संकुल प्राचार्य महेश कुमार दोहरे रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रधान पाठक माध्यमिक शाला चिटकाहीपारा-कोट अशोक उपाध्याय एवं प्रधान पाठक माध्यमिक शाला पंपापुर दिनेश द्विवेदी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं महान शिक्षाविद् तथा भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना की मनमोहक प्रस्तुति दी गई।
उत्कृष्ट शिक्षकों का सम्मान
संकुल अंतर्गत सत्र 2025 में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को उत्कृष्ट शिक्षक सम्मान प्रदान किया गया। सम्मानित शिक्षकों में प्राथमिक शाला भदरापारा के सहायक शिक्षक नंदलाल सिंह, पूर्व माध्यमिक शाला चिटकाहीपारा-कोट के शिक्षक सुरेन्द्र राजवाड़े तथा शासकीय हाई स्कूल कोट के व्याख्याता कमल किशोर पाण्डेय शामिल रहे।
वही संकुल केंद्र कोट के जनशिक्षक शिवलाल सिंह के माध्यमिक शाला रामपुर में प्रधान पाठक पद पर पदोन्नत होने तथा माध्यमिक शाला कोट के प्रधान पाठक बाबुलाल साहू का माध्यमिक शाला बरहोल में स्थानांतरण होने पर उन्हें स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। संकुल केंद्र कोट में सहायक शिक्षक श्रीमती शालिनी साहू एवं धर्मेन्द्र दुबे की नवीन पदस्थापना पर उनका स्वागत किया गया।
शिक्षक बच्चों के भविष्य के निर्माता : महेश कुमार दोहरे
संकुल प्राचार्य महेश कुमार दोहरे ने शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षक बच्चों के भविष्य के निर्माता होते हैं। माता-पिता बच्चों को जन्म देते हैं, जबकि शिक्षक उन्हें शिक्षा देकर जीवन को संवारने और जीवन जीने की कला सिखाने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षक के आचरण का सीधा प्रभाव बच्चों पर पड़ता है, इसलिए शिक्षकों को अच्छे आचरण के साथ अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करना चाहिए। साथ ही शिक्षा में नवाचार को अपनाकर बच्चों के भविष्य को उज्ज्वल बनाने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए।
प्रधान पाठक अशोक उपाध्याय ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए शिक्षकों को निरंतर प्रयासरत रहने तथा वर्तमान शिक्षा प्रणाली के अनुरूप स्वयं को अपडेट करने के लिए प्रेरित किया। वहीं प्रधान पाठक दिनेश द्विवेदी ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन एवं व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए उनके आदर्शों को आत्मसात करने की बात कही।
समारोह के दौरान संयुक्त विद्यालय परिवार की ओर से आयोजित न्योता भोज ने कार्यक्रम में आत्मीयता और उत्साह का माहौल बना दिया।
कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता चांसी प्रसाद कुशवाहा ने किया तथा आभार प्रदर्शन शिक्षक राधेश्याम साहू ने किया।
समारोह में संकुल प्राचार्य महेश कुमार दोहरे, प्राचार्य उमापुर चन्द्र प्रताप साहू, अशोक उपाध्याय, दिनेश द्विवेदी, फूल सिंह, नागेन्द्र यादव, उर्मिला रवि, अल्ताफ अली, निर्मल प्रसाद, बाबुलाल साहू, राधेश्याम साहू, रामकृपाल साहू, शिवलाल सिंह, कमल किशोर पाण्डेय, चांसी प्रसाद कुशवाहा सहित संकुल के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।






