

अनिल साहू
जब आदेश ही नहीं मानेंगे अधिकारी, तो कर्मचारियों को न्याय कौन दिलाएगा?
आदेश जारी, पालन गायब! आखिर किसकी वजह से JDS कर्मचारियों को नहीं मिला कलेक्टर दर का वेतन?
सूरजपुर। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) सूरजपुर द्वारा जारी आदेश के बावजूद जीवन दीप समिति (JDS) के कर्मचारियों को आज तक कलेक्टर दर पर वेतन नहीं मिल सका है। इससे स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ प्रदेश स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के जीवन दीप प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष डॉ. निलेश कुमार साहू द्वारा 6 मार्च 2026 को आवेदन प्रस्तुत किया गया था। इसके आधार पर सीएमएचओ सूरजपुर ने 19 मार्च 2026 को आदेश क्रमांक 2410/स्था०/2026 जारी कर जिले के सभी खंड चिकित्सा अधिकारियों (बीएमओ) एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया था कि जीवन दीप समिति के अंतर्गत कार्यरत कर्मचारियों को कलेक्टर दर पर वेतन भुगतान करते हुए नियमानुसार कार्रवाई करें तथा इसकी सूचना कार्यालय को उपलब्ध कराएं।
लेकिन आदेश जारी होने के करीब चार महीने बाद भी अधिकांश कर्मचारियों को इसका लाभ नहीं मिल पाया है। आरोप है कि संबंधित अधिकारियों ने सीएमएचओ के निर्देशों का पालन नहीं किया, जिसके कारण कर्मचारी आज भी मात्र ₹3,000 से ₹5,000 प्रतिमाह वेतन पर काम करने को मजबूर हैं।
जीवन दीप कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष डॉ. निलेश कुमार साहू ने कहा कि इससे पहले भी संचालनालय एवं सीएमएचओ स्तर से ऐसे आदेश जारी किए जा चुके हैं, लेकिन उनका पालन नहीं हुआ। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही कर्मचारियों को कलेक्टर दर पर वेतन नहीं मिला तो संगठन उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगा, जिसका असर जिले की स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ सकता है।
संघ ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि सीएमएचओ के आदेश का तत्काल पालन कराते हुए सभी जीवन दीप समिति कर्मचारियों को कलेक्टर दर पर वेतन का भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
Author: anil sahu
जिला प्रतिनिधि सूरजपुर



