सूरजपुर की बेटी का बड़ा कमाल: खेलो इंडिया सेंटर की खिलाड़ी का रायपुर आवासीय खेल अकादमी में चयन

SHARE:

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

अनिल साहू

कलेक्टर रेना जमील ने फुटबॉल भेंट कर बढ़ाया उत्साह, उज्ज्वल भविष्य की दी शुभकामनाएं

सूरजपुर।जिले के लिए गौरव और खुशी का क्षण तब आया जब खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अंतर्गत संचालित खेलो इंडिया सेंटर हराटिकरा की एक प्रतिभाशाली बालिका खिलाड़ी का चयन रायपुर स्थित आवासीय खेल अकादमी के लिए हुआ। यह उपलब्धि न केवल खिलाड़ी की मेहनत और समर्पण का परिणाम है, बल्कि जिले में खेल प्रतिभाओं को मिल रहे बेहतर प्रशिक्षण और अवसरों का भी प्रमाण है।

इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती रेना जमील ने बालिका खिलाड़ी को फुटबॉल भेंट कर सम्मानित किया तथा उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि सूरजपुर की बेटियां खेल के क्षेत्र में लगातार नई ऊंचाइयों को छू रही हैं और अपनी प्रतिभा से जिले का नाम रोशन कर रही हैं। ऐसी उपलब्धियां अन्य बच्चों और युवाओं के लिए भी प्रेरणादायक हैं।

कलेक्टर ने खिलाड़ी को आगे भी पूरी लगन, अनुशासन और मेहनत के साथ अभ्यास जारी रखने की सलाह देते हुए राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह खिलाड़ी भविष्य में जिले, प्रदेश और देश का नाम गौरवान्वित करेगी।

इस अवसर पर खेल अधिकारी श्रीमती आरती पांडेय, खेल एवं युवा कल्याण विभाग सूरजपुर के अधिकारी-कर्मचारी तथा खेलो इंडिया सेंटर हराटिकरा के प्रशिक्षक प्रकाश गुप्ता उपस्थित रहे। सभी ने बालिका खिलाड़ी की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उसके सफल खेल जीवन की शुभकामनाएं दीं।

सूरजपुर की इस उभरती प्रतिभा की सफलता जिले के युवा खिलाड़ियों के लिए नई प्रेरणा बनकर सामने आई है।

anil sahu
Author: anil sahu

जिला प्रतिनिधि सूरजपुर