

अनिल साहू
सूरजपुर। जिले में गुरुवार को एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पतरापारा रोड स्थित लवलीहुड कॉलेज के पास दिनदहाड़े 4 से 5 युवकों ने एक व्यक्ति पर धारदार चाकू से हमला कर उसकी निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान बरन राम, निवासी ग्राम पीढ़ा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बरन राम किसी कार्य से सूरजपुर न्यायालय आए हुए थे और न्यायालय से वापस अपने घर लौट रहे थे। आरोपियों ने धारदार चाकू से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस की त्वरित कार्रवाई में घटना में शामिल एक आरोपी को घटनास्थल पर ही गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम जुट गई है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है। प्रारंभिक तौर पर पुलिस आपसी रंजिश समेत विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
दिनदहाड़े हुई इस हत्या की घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।





