
सूरजपुर: मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना 2025-26 व 2026-27 में गड़बड़ी के आरोप, जांच समिति गठित करने की मांग
15 अक्टूबर 2026 महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला सूरजपुर द्वारा संचालित मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के वर्ष 2025-26 एवं 2026-27 के क्रियान्वयन में कथित अनियमितताओं को लेकर जिला कलेक्टर को शिकायत आवेदन सौंपा गया है।

आवेदक अफरोज खान, निवासी कैतका रोड, मानपुर, जिला सूरजपुर ने अपने आवेदन में कहा है कि योजना पात्र एवं जरूरतमंद परिवारों की कन्याओं के लिए महत्वपूर्ण है, और इसका लाभ वास्तविक हितग्राहियों तक पारदर्शी तरीके से पहुंचना जरूरी है। स्थानीय स्तर पर मिली सूचना और तथ्यों के आधार पर योजना में हितग्राहियों के चयन, वित्तीय लेन-देन और अभिलेख संधारण में जांच की आवश्यकता बताई गई है,
आवेदक द्वारा उठाए गए 7 मुख्य जांच बिंदु
हितग्राहियों के चयन की पात्रता और आवेदन पत्रों का सत्यापन
स्वीकृत सूची बनाम वास्तविक लाभ पाने वालों का मिलान
. विवाह आयोजन के व्यय, सामग्री क्रय, बिल, वाउचर और निविदा प्रक्रिया की जांच
जारी राशि, भुगतान आदेश और बैंक खातों में भेजी गई राशि का मिलान
शासकीय बजट, स्वीकृत राशि और व्यय का ऑडिट
आयोजन स्थल, उपस्थिति पंजी, फोटो-वीडियो से वास्तविक आयोजन की पुष्टि
योजना से जुड़े अधिकारियों/कर्मचारियों की भूमिका और जवाबदेही की जांच
आवेदक की 4 प्रमुख मांगें
जिला स्तर पर सक्षम और स्वतंत्र अधिकारियों की जांच समिति गठित कर समयबद्ध निष्पक्ष जांच कराई जाए
जांच के दौरान संबंधित विभाग से समस्त मूल अभिलेख, वित्तीय विवरण, भुगतान रिकॉर्ड और हितग्राही सूची तलब कर सत्यापन कराया जाए
जांच पूरी होने तक सभी अभिलेखों, डिजिटल रिकॉर्ड, फोटो-वीडियो और वित्तीय दस्तावेजों को सुरक्षित रखने के निर्देश दिए जाएं ताकि कोई छेड़छाड़ या विलोपन न हो सके
. जांच की कार्रवाई और निष्कर्ष से आवेदक को अवगत कराया जाए और जांच प्रतिवेदन की प्रति उपलब्ध कराई जाए
आवेदन में स्पष्ट किया गया है कि यह शिकायत किसी व्यक्ति विशेष पर पूर्वनिर्धारित आरोप लगाने के उद्देश्य से नहीं, बल्कि जनहित, शासकीय धन की सुरक्षा, पारदर्शिता और वास्तविक हितग्राहियों के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रस्तुत की गई है।





