स्काईरिच एजुकेशन हायर सेकेंडरी स्कूल, उदयपुर में धूमधाम से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

SHARE:

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

भरत लाल गुप्ता 

देशभक्ति, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और प्रेरणादायक उद्बोधनों से गूंजा विद्यालय परिसर

उदयपुर। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर स्काईरिच एजुकेशन हायर सेकेंडरी स्कूल, उदयपुर में स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास, गरिमा और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। विद्यालय परिसर तिरंगे के रंगों और राष्ट्रभक्ति के नारों से गूंज उठा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजसेवी एवं मां नवदुर्गा क्लिनिक के संचालक डॉ. अविनाश गुप्ता रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में बुद्ध मोहन सिंह, बसंत सिंह, शुभम भदौरिया तथा संस्था के प्रबंधक श्याम चरण गुप्ता उपस्थित रहे।

समारोह की शुरुआत मुख्य अतिथि एवं अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से ध्वजारोहण कर की गई। इसके पश्चात स्वतंत्रता सेनानियों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर विद्यालय परिवार एवं उपस्थित अभिभावकों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाकर देश के वीर शहीदों को नमन किया।

विद्यालय के प्राचार्य राम प्रसाद गुप्ता ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें एकता, अखंडता और सद्भाव का संदेश देता है। भारत की शक्ति उसकी विविधता में निहित है। हमें जाति, भाषा और क्षेत्र की सीमाओं से ऊपर उठकर स्वयं को पहले भारतवासी मानना चाहिए तथा अपने कर्मों के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए।

समारोह का प्रमुख आकर्षण विद्यार्थियों की भव्य परेड रही। छात्र-छात्राओं ने अनुशासन और जोश के साथ कदम से कदम मिलाकर मार्च किया, जिसे मुख्य अतिथि ने सलामी दी। नन्हीं बालिकाओं ने स्वागत गीत एवं नृत्य प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया। तिलक-रोली और पुष्पगुच्छ भेंट कर अतिथियों का अभिनंदन किया गया।

मुख्य अतिथि डॉ. अविनाश गुप्ता ने अपने प्रेरणादायक उद्बोधन में कहा कि उन्हें गर्व है कि वे इसी विद्यालय के पूर्व छात्र रहे हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय से प्राप्त शिक्षा और संस्कारों ने उन्हें समाजसेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। स्वतंत्रता का अर्थ केवल उत्सव मनाना नहीं, बल्कि अपने कर्तव्यों के प्रति समर्पित रहना भी है। विद्यार्थियों को सत्य, अनुशासन और परिश्रम को अपना आदर्श बनाकर राष्ट्र की प्रगति में भागीदार बनना चाहिए।

विशिष्ट अतिथि बसंत सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस उन वीर शहीदों के त्याग और बलिदान का प्रतीक है, जिन्होंने देश को आजादी दिलाने के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। राष्ट्र सर्वोपरि है और देश की उन्नति में ही हम सभी की उन्नति निहित है।

कार्यक्रम में KG-1 से कक्षा 12वीं तक के विद्यार्थियों ने भारत के विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक झांकियां, देशभक्ति गीत, नृत्य एवं भाषण प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित अभिभावकों, गणमान्य नागरिकों एवं शिक्षकों को भावविभोर कर दिया। उपस्थित लोगों ने बच्चों की प्रस्तुतियों की मुक्त कंठ से सराहना की।

समारोह के अंत में आभार प्रदर्शन एवं कल्याण मंत्र के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं, छात्र-छात्राओं एवं विद्यालय परिवार का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

anil sahu
Author: anil sahu