आबकारी की बड़ी कार्रवाई: अवैध महुआ शराब के साथ दो युवक गिरफ्तार

SHARE:

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

नीरज साहू

कोरिया में आबकारी की बड़ी कार्रवाई: अवैध महुआ शराब के साथ दो युवक गिरफ्तार, जेल भेजे गए

कोरिया। जिले में अवैध शराब निर्माण, विक्रय और तस्करी के खिलाफ आबकारी विभाग लगातार सख्ती बरत रहा है। इसी कड़ी में चरचा क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए दो युवकों को अवैध शराब के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।

कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी और सचिव आबकारी श्रीमती आर. शंगीता के निर्देश पर जिला आबकारी अधिकारी के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। सहायक जिला आबकारी अधिकारी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आनी ग्राम से दो व्यक्ति मोटरसाइकिल के जरिए अवैध शराब लेकर चरचा बेचने जा रहे हैं।

सूचना के आधार पर खरवत चौक पर नाकाबंदी की गई। इस दौरान मोटरसाइकिल (सीजी 16 सीएस 8762, स्प्लेंडर) को रोककर जांच की गई। वाहन चला रहे अनिल कुमार कुजूर (निवासी चरचा) और पीछे बैठे प्रदीप दास के पास एक काला बैग मिला। तलाशी लेने पर बैग से 2-2 लीटर की 5 प्लास्टिक बोतलों में भरी महुआ शराब बरामद की गई।

दोनों आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) और 47 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। बाद में उन्हें बैकुण्ठपुर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से 14 दिनों की न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

कार्रवाई में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी जब्त कर कलेक्टर न्यायालय में राजसात की प्रक्रिया के लिए प्रस्तुत किया जाएगा। इस पूरे अभियान में आबकारी अमले की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

जिला आबकारी विभाग ने बताया कि अवैध शराब से संबंधित शिकायत के लिए टोल फ्री नंबर 14405 और व्हाट्सएप नंबर 9424102102 पर सूचना दी जा सकती है। साथ ही राज्य में संचालित शराब दुकानों की जानकारी के लिए मोबाइल ऐप भी उपलब्ध है, जिसमें विभिन्न ब्रांड और उनकी कीमतों की जानकारी मिलती है।

neeraj kumar sahu
Author: neeraj kumar sahu

जिला प्रतिनिधि कोरिया