सूरजपुर में छात्रसंघ चुनाव बहाली की मांग को लेकर एनएसयूआई की पत्रकार वार्ता

SHARE:

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

अनिल साहू

फीस, छात्रवृत्ति और सुविधाओं के बीच दबे छात्र, चुनाव की मांग ने पकड़ी रफ्तार,

“चुनाव बंद तो छात्रों की आवाज बंद” – सूरजपुर में एनएसयूआई की हुंकार

सूरजपुर। प्रदेश में छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर एनएसयूआई जिला सूरजपुर ने पत्रकार वार्ता आयोजित की। इस दौरान जिलाध्यक्ष आकाश साहू ने छात्रों की विभिन्न समस्याओं को उठाते हुए जल्द चुनाव कराने की मांग की।

आकाश साहू ने बताया कि प्रदेशभर के छात्र बढ़ती फीस, छात्रवृत्ति में देरी, परीक्षा परिणामों में अनियमितता और महाविद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं की कमी जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि छात्रसंघ चुनाव नहीं होने के कारण छात्रों में नेतृत्व का अभाव है, जिससे उनकी समस्याओं का समाधान प्रभावी ढंग से नहीं हो पा रहा है।

उन्होंने जोर देकर कहा कि छात्रसंघ केवल एक चुनाव नहीं, बल्कि छात्रों की आवाज और उनका अधिकार है। यह लोकतंत्र की पहली पाठशाला है, जहां छात्रों को अपनी बात रखने का मंच मिलता है और वे अपने प्रतिनिधि चुनकर प्रशासन से सीधे संवाद कर सकते हैं।

आकाश साहू ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव युवाओं में नेतृत्व क्षमता, निर्णय लेने की योग्यता और टीमवर्क की भावना विकसित करता है। साथ ही, यह छात्रों को लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं जैसे मतदान और चुनाव प्रचार की समझ भी देता है, जिससे वे जिम्मेदार नागरिक बनते हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि छात्रसंघ के माध्यम से कॉलेज प्रशासन की जवाबदेही बढ़ती है और छात्रहित से जुड़े मुद्दों—जैसे फीस, छात्रवृत्ति, परीक्षा, हॉस्टल और लाइब्रेरी—का समाधान तेजी से होता है।

अंत में उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द छात्रसंघ चुनाव बहाल नहीं किए गए, तो एनएसयूआई चरणबद्ध आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।

इस अवसर पर मुस्तफा खान, अफरोज अंसारी, शिवम साहू, धर्मेंद्र साहू, ओमप्रकाश कुशवाहा, संदीप कुशवाहा, आकाश सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

anil sahu
Author: anil sahu

जिला प्रतिनिधि सूरजपुर