

अनिल साहू
सूरजपुर। प्रदेश स्तरीय भक्त माता कर्मा जयंती महोत्सव का आयोजन भव्य एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ, जिसमें विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए साहू समाज की गौरवशाली परंपरा और उसके योगदान की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि साहू समाज सदैव से परिश्रम, समर्पण और सामाजिक एकता का प्रतीक रहा है। उन्होंने भक्त माता कर्मा, माता राजिम दाई एवं भामाशाह जैसे महान व्यक्तित्वों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन विभूतियों ने समाज को नई दिशा दी है और उनकी प्रेरणा आज भी प्रासंगिक है।

सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि नरेंद्र मोदी की गारंटी को राज्य सरकार द्वारा क्रमबद्ध रूप से पूरा किया जा रहा है। उन्होंने जानकारी दी कि होली से पहले 25 लाख से अधिक किसानों को 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक की अंतर राशि का भुगतान किया गया। साथ ही महतारी वंदन योजना के अंतर्गत 70 लाख से अधिक माताओं को 16 हजार करोड़ रुपये से अधिक की सहायता राशि दी जा चुकी है। इसके अलावा 5 लाख से अधिक भूमिहीन कृषि मजदूरों के खातों में 10-10 हजार रुपये की सहायता राशि हस्तांतरित की गई है।
धार्मिक और सांस्कृतिक योजनाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि रामलला दर्शन योजना के माध्यम से अब तक 42 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या जाकर भगवान श्रीराम के दर्शन कर चुके हैं, वहीं मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के अंतर्गत 5 हजार से अधिक बुजुर्गों को देश के प्रमुख तीर्थ स्थलों की यात्रा कराई गई है।

राज्य में नक्सलवाद के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर क्षेत्र लंबे समय तक नक्सल हिंसा से प्रभावित रहा, लेकिन अमित शाह के मार्गदर्शन और सुरक्षा बलों के साहस से अब स्थिति में तेजी से सुधार हुआ है। 400 से अधिक गांवों को मुख्यधारा से जोड़ा जा चुका है, जहां अब सड़क, बिजली, पानी, स्कूल और अस्पताल जैसी मूलभूत सुविधाएं पहुंच रही हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि जल्द ही बस्तर पूरी तरह नक्सलवाद से मुक्त होकर विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा।
मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक संपदा, उर्वर भूमि और मेहनतकश लोगों की सराहना करते हुए “छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया” की भावना के साथ प्रदेश को देश में अग्रणी बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य को प्राप्त करने में साहू समाज की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।

अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध और ऊर्जा संकट पर भी अपनी बात रखी और आश्वस्त किया कि भारत बेहतर कूटनीतिक तालमेल के कारण मजबूत स्थिति में है। उन्होंने आम नागरिकों से किसी भी प्रकार की अफवाहों से बचने की अपील की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने साहू समाज के लिए छात्रावास या सामाजिक भवन निर्माण हेतु 50 लाख रुपये तथा समाज की भूमि पर बाउंड्री वॉल निर्माण के लिए 25 लाख रुपये की घोषणा की, जिससे उपस्थित लोगों में उत्साह का माहौल रहा।

कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने भी समाज की परंपरा और योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षा, संगठन और अनुशासन के माध्यम से ही समाज को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है।

इस दौरान विभिन्न जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं साहू समाज के पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में समाज के इतिहास, संस्कृति और भक्ति पर आधारित प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया।
यह आयोजन न केवल श्रद्धा और आस्था का प्रतीक रहा, बल्कि सामाजिक एकता, विकास और प्रेरणा का भी सशक्त संदेश देने में सफल रहा।
Author: anil sahu
जिला प्रतिनिधि सूरजपुर




