

भरत लाल गुप्ता
उदयपुर।छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (CAF) के जवान बृजमोहन सिंह बंजारा का सड़क दुर्घटना में दुखद निधन हो गया। उनके असामयिक निधन से परिवार, ग्राम सोनतराई सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। एक समर्पित जवान के अचानक चले जाने से छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के अधिकारियों एवं जवानों में भी गहरा दुख व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सरगुजा जिले के विकासखंड उदयपुर अंतर्गत ग्राम सोनतराई निवासी बृजमोहन सिंह बंजारा 5 जून 2026 (शुक्रवार) को अपने निजी वाहन क्रमांक CG10BV8660 से ड्यूटी के लिए 21वीं वाहिनी (भारत रक्षित), छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, करकाभाट जिला बालोद जा रहे थे। इसी दौरान रायपुर के समीप धरसींवा थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर सामने से आ रहे एक अज्ञात ट्रक ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना में बृजमोहन सिंह बंजारा के सिर में गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धरसींवा पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद शव को अस्पताल की मर्च्युरी में रखा गया। अगले दिन 6 जून 2026 को धरसींवा थाना की उपस्थिति में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया। इसके बाद उनके पैतृक ग्राम सोनतराई में पूरे सम्मान एवं सामाजिक रीति-रिवाजों के साथ अंतिम संस्कार किया गया।
बृजमोहन सिंह बंजारा एक साधारण किसान परिवार से थे। कठिन संघर्षों और अथक मेहनत के बल पर उन्होंने वर्ष 2003 में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल में भर्ती होकर राष्ट्र सेवा का दायित्व संभाला था। लगभग 23 वर्षों तक उन्होंने निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ अपनी सेवाएं दीं।

दिवंगत जवान अपने पीछे पत्नी सुंदर बाई बंजारा, पुत्र ऋषभ बंजारा तथा पुत्री निक्कू बंजारा सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। बच्चों की कम उम्र में पिता का साया उठ जाने से परिवार गहरे सदमे में है।
बृजमोहन सिंह बंजारा के निधन पर ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों तथा छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के अधिकारियों एवं जवानों ने भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।
Author: anil sahu
जिला प्रतिनिधि सूरजपुर





