जन अधिकार सामाजिक कल्याण संघ ने उठाई प्रदेश की आवाज़, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह को सौंपा 10 सूत्रीय मांगपत्र

SHARE:

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

अनिल साहू

प्रदेश अध्यक्ष चंद्रिका सिंह के नेतृत्व में रेल, सड़क, कर्मचारियों एवं जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर हुई विस्तृत चर्चा

सुरजपुर। जन अधिकार सामाजिक कल्याण संघ छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रिका सिंह के नेतृत्व में संघ के प्रतिनिधिमंडल ने छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से सौजन्य भेंट कर प्रदेश के विकास, जनहित एवं कर्मचारी हितों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की। इस अवसर पर संघ की ओर से 10 सूत्रीय मांगपत्र सौंपकर वर्षों से लंबित समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग की गई।

प्रतिनिधिमंडल द्वारा सौंपे गए मांगपत्र में दंतेवाड़ा में रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण, कोरापुट–जगदलपुर रेल लाइन का विस्तार, अंबिकापुर–बरवाडीह रेल परियोजना को गति देना, जिला मुख्यालयों को जोड़ने वाली सड़कों का निर्माण एवं मरम्मत, लंबे समय से बंद मार्गों को पुनः प्रारंभ करना, कर्मचारियों के महंगाई भत्ते एवं एरियर का भुगतान, दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों का नियमितीकरण तथा प्रदेशवासियों से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण जनहित के मुद्दे प्रमुख रूप से शामिल रहे।

प्रदेश अध्यक्ष चंद्रिका सिंह ने कहा कि संगठन हमेशा जनता की समस्याओं और कर्मचारियों के अधिकारों के लिए लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से संघर्ष करता रहा है। उन्होंने कहा कि ज्ञापन में शामिल मांगें केवल किसी एक वर्ग की नहीं, बल्कि प्रदेश के लाखों नागरिकों, किसानों, कर्मचारियों, युवाओं एवं आमजन के हितों से जुड़ी हुई हैं। इन मांगों के पूरा होने से प्रदेश के विकास को नई गति मिलेगी और लोगों को प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त होगा।

विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित विषयों पर सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जनहित एवं विकास से जुड़े मुद्दों पर आवश्यक स्तर पर विचार किया जाएगा।

इस अवसर पर संघ के प्रदेश एवं जिला स्तर के पदाधिकारियों सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। जन अधिकार सामाजिक कल्याण संघ छत्तीसगढ़ ने विश्वास व्यक्त किया कि शासन-प्रशासन जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप इन महत्वपूर्ण मांगों पर शीघ्र निर्णय लेकर प्रदेश के विकास को नई दिशा प्रदान करेगा।

anil sahu
Author: anil sahu

जिला प्रतिनिधि सूरजपुर

सबसे ज्यादा पड़ गई