
हर घर तिरंगा अभियान: रामानुजनगर में निकली भव्य तिरंगा यात्रा
शासकीय बालक विद्यालय के 6वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों ने गगनभेदी नारों के साथ बढ़ाया देशप्रेम

रामानुजनगर, सूरजपुर स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रामानुजनगर में “हर घर तिरंगा अभियान” के अंतर्गत भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। प्राचार्य पी.सी. सोनी के मार्गदर्शन एवं समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं के सहयोग से कक्षा 6वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों ने इसमें उत्साहपूर्वक भाग लिया।
तिरंगा यात्रा विद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर सुभाष चौक और बस स्टैंड होते हुए पुनः विद्यालय में संपन्न हुई। हाथों में तिरंगा लिए विद्यार्थियों ने “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम” के गगनभेदी नारों के साथ आमजन में देशभक्ति की भावना का संचार किया।
यात्रा के समापन पर आयोजित कार्यक्रम में शिक्षक-शिक्षिकाओं ने राष्ट्रीय गीत, राष्ट्रीय गान प्रस्तुत किए। साथ ही देश के शहीदों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग और बलिदान के बारे में विद्यार्थियों को जानकारी दी।
प्राचार्य पी.सी. सोनी ने कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों में देशप्रेम, अनुशासन और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने सभी विद्यार्थियों से अपने घरों पर भी तिरंगा फहराने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य देशवासियों में देशभक्ति की भावना को जागृत करना और हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाना रहा।


