विशेष छत्तीसगढ़ युवा रत्न सम्मान में व्यक्तिगत श्रेणी में 2.50 लाख रुपए और स्वैच्छिक संस्था को 5 लाख रुपए की सम्मान राशि

SHARE:

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

एमसीबी ब्यूरो

/07 अक्टूबर 2026/ छत्तीसगढ़ शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा राज्य के प्रतिभाशाली युवाओं, उनके उत्कृष्ट योगदान, समाज सेवा एवं अभिनव प्रयासों को प्रोत्साहित और सम्मानित करने के उद्देश्य से ‘युवा रत्न सम्मान योजना वित्तीय वर्ष 2026-27’ की घोषणा की गई है।

योजना के तहत विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले पात्र युवाओं एवं स्वैच्छिक संस्थाओं से 30 अक्टूबर 2026 तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

 

‘युवा रत्न सम्मान’ का उद्देश्य राज्य की युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करते हुए उनके उत्कृष्ट कार्यों को पहचान देना तथा उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा और योगदान को स्थापित करने के लिए प्रेरित करना है।

योजना के अंतर्गत समाज सेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले युवाओं एवं संस्थाओं का चयन कर उन्हें पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किया जाएगा।

 

इन क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले युवाओं को मिलेगा सम्मान

योजना के अंतर्गत सामाजिक कार्य, साहित्य, उद्योग, शिक्षा, खेल, पर्यावरण संरक्षण, महिला एवं बाल विकास, मीडिया, स्वास्थ्य, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, दिव्यांगजन सशक्तिकरण तथा कला, संगीत एवं लोक कला के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चयनित युवाओं को सम्मानित किया जाएगा।

इन क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य के लिए चयनित प्रत्येक युवा को 1 लाख रुपए की नकद पुरस्कार राशि, पदक, प्रशस्ति पत्र एवं शॉल प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।

विशेष छत्तीसगढ़ युवा रत्न सम्मान में बड़ी पुरस्कार राशि

योजना के अंतर्गत विशेष छत्तीसगढ़ युवा रत्न सम्मान भी प्रदान किया जाएगा। इसमें व्यक्तिगत श्रेणी में विशिष्ट सेवा कार्य के लिए चयनित युवा को 2.50 लाख रुपए की सम्मान राशि प्रदान की जाएगी। वहीं उत्कृष्ट कार्य करने वाली स्वैच्छिक संस्था/संगठन को 5 लाख रुपए की विशेष सम्मान राशि से सम्मानित किया जाएगा।

15 से 29 वर्ष के युवा कर सकते हैं आवेदन

योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए आवेदक का छत्तीसगढ़ राज्य का मूल निवासी होना अनिवार्य है। आवेदक की आयु निर्धारित वित्तीय वर्ष के नियमानुसार 1 अप्रैल 2026 को न्यूनतम 15 वर्ष पूर्ण होनी चाहिए तथा 31 मार्च 2027 को 29 वर्ष से कम होना आवश्यक है।

30 अक्टूबर तक जमा करना होगा आवेदन

इच्छुक एवं पात्र युवा तथा स्वैच्छिक संगठन अपना आवेदन निर्धारित प्रारूप में भरकर सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ कार्यालयीन समय अवधि में कार्यालय जिला खेल अधिकारी, खेल एवं युवा कल्याण विभाग, जिला एमसीबी में 30 अक्टूबर 2026 तक अनिवार्य रूप से जमा कर सकते हैं।

विशेष छत्तीसगढ़ युवा रत्न सम्मान में व्यक्तिगत श्रेणी में 2.50 लाख रुपए और स्वैच्छिक संस्था को 5 लाख रुपए की सम्मान राशि

Aashiq khan
Author: Aashiq khan