
भरत लाल गुप्ता
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल की पहल पर सलका सहित सरगुजा के 39 स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों को मिली स्वीकृति
सलका/उदयपुर। मां दुर्गा की आराधना, भक्ति और सांस्कृतिक उत्सव के बीच सलका में आज शनिवार, 17 अक्टूबर को भव्य सांस्कृतिक जगराता कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। पिछले 28 वर्षों से चली आ रही दुर्गा पूजा की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी दुर्गा पूजा समिति सलका द्वारा आकर्षक पंडाल, मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा और विविध धार्मिक आयोजनों के माध्यम से भक्तिमय वातावरण बनाया गया है। कार्यक्रम में प्रसिद्ध कलाकार बबीता विश्वास अपनी प्रस्तुति देंगी। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है।
28 वर्षों से आस्था और एकता का प्रतीक बना सलका का दुर्गा पूजा उत्सव
सलका में दुर्गा पूजा का आयोजन अब केवल धार्मिक परंपरा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह क्षेत्र की आस्था, सामाजिक एकता और भाईचारे का प्रतीक बन चुका है। 28 वर्ष पूर्व समिति द्वारा शुरू की गई इस परंपरा ने आज भव्य आयोजन का रूप ले लिया है। सलका सहित आसपास के दर्जनों गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां दुर्गा के दर्शन करने पहुंच रहे हैं। पंडाल में प्रतिदिन सुबह-शाम आरती, भजन-कीर्तन और हवन सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान किए जा रहे हैं।
मंत्री राजेश अग्रवाल की पहल से 39 स्थानों पर सांस्कृतिक आयोजन
इस वर्ष दुर्गा पूजा के अवसर को और खास बनाने के लिए छत्तीसगढ़ शासन के पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन को लेकर पहल की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंत्री द्वारा सांस्कृतिक विभाग के संचालक को पत्र क्रमांक 706/LKP, दिनांक 14 अक्टूबर 2026 के माध्यम से सलका सहित लखनपुर, उदयपुर और अंबिकापुर क्षेत्र के 39 स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की स्वीकृति हेतु प्रस्ताव भेजा गया है। इस प्रस्ताव में सलका के कार्यक्रम को भी शामिल किया गया है।

बबीता विश्वास की प्रस्तुति बनेगी मुख्य आकर्षण
सलका सांस्कृतिक कार्यक्रम के अध्यक्ष संतोष गुप्ता ने बताया कि शनिवार, 17 अक्टूबर को आयोजित होने वाले भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रसिद्ध कलाकार बबीता विश्वास अपनी प्रस्तुति देंगी। कार्यक्रम में देवी जागरण, भजन, लोकगीत और छत्तीसगढ़ी संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी। समिति द्वारा आयोजन की तैयारियां पूरी की जा रही हैं, ताकि श्रद्धालु भक्ति और संस्कृति से सराबोर इस कार्यक्रम का आनंद उठा सकें।
अष्टमी-नवमी पर विशेष पूजा, हवन और भंडारा
समिति सचिव भरत लाल गुप्ता ने बताया कि अष्टमी और नवमी के अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना, हवन और भंडारे का आयोजन किया जाएगा। वहीं दशमी को मां दुर्गा की विदाई यात्रा धूमधाम से निकाली जाएगी। उन्होंने श्रद्धालुओं से आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
समिति के कोषाध्यक्ष राजू शाह ने सभी सदस्यों से उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारियों का समय पर निर्वहन करने का आग्रह किया, ताकि कार्यक्रम को व्यवस्थित और सफल बनाया जा सके।
श्रद्धालुओं को सादर आमंत्रण
समिति अध्यक्ष राम सिंह सहित समस्त पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने आसपास के सभी ग्रामवासियों, माताओं-बहनों और श्रद्धालुओं को मां दुर्गा के दरबार में सादर आमंत्रित किया है। समिति ने सभी से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर सांस्कृतिक जगराता कार्यक्रम में शामिल होने तथा मां दुर्गा का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।




