घुमंतू गौवंश संरक्षण के लिए छत्तीसगढ़ सरकार की बड़ी पहल, सरगुजा में गौधाम योजना का शुभारंभ

SHARE:

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

भरत लाल गुप्ता 

उदयपुर,।घुमंतू एवं आवारा गौवंश के संरक्षण-संवर्धन के लिए छत्तीसगढ़ शासन द्वारा शुरू की गई गौधाम योजना का सरगुजा जिले में भव्य शुभारंभ किया गया। राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय अंबिकापुर के ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने योजना का शुभारंभ किया। कार्यक्रम का आयोजन पशु चिकित्सा विभाग तथा गौधाम समिति के जिलाध्यक्ष संतोष जायसवाल के नेतृत्व में हुआ, जिसमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और समाज के गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गौधाम समिति के जिलाध्यक्ष संतोष जायसवाल ने कहा कि वर्तमान समय में सड़कों पर घूमने वाले आवारा, दुर्घटनाग्रस्त तथा कानूनी रूप से पकड़े गए गौवंश की देखभाल एक बड़ी चुनौती बन चुकी है। छत्तीसगढ़ शासन की गौधाम योजना इस समस्या के समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण और दूरदर्शी पहल है। उन्होंने कहा कि इस योजना से न केवल गौवंश की सुरक्षा सुनिश्चित होगी बल्कि पशुपालकों को भी सीधा लाभ मिलेगा तथा ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

इस अवसर पर भाजपा सरगुजा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गाय को माता का दर्जा दिया गया है और गौसेवा की परंपरा हमारी संस्कृति की पहचान रही है। उन्होंने सभी नागरिकों से गौवंश की सुरक्षा और सेवा के लिए आगे आने का आह्वान किया।

भाजपा जिला महामंत्री विनोद हर्ष ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार द्वारा शुरू की गई गौधाम योजना गौवंश संरक्षण के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक कदम है। इससे पशुपालकों को आर्थिक लाभ मिलेगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह, लोक निर्माण विभाग के प्रभारी मनीष सिंह, जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवनारायण यादव, भाजपा जिला उपाध्यक्ष मधुसूदन शुक्ला, ‘मन की बात’ के प्रभारी जन्मेजय मिश्रा, जिला कोषाध्यक्ष निश्चल प्रताप सिंह, निलेश सिंह, ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष राकेश “बबलू” गुप्ता, मधु चौदहा, प्रियंका चौबे, नरेंद्र सिंह, कन्हाई राम बंजारा, भरतलाल गुप्ता, चंद्रबसु यादव सहित पशु चिकित्सा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और पशु मित्र उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने संबोधन में कहा कि गौधाम योजना के माध्यम से प्रदेश में गौवंश संरक्षण को मजबूती मिलेगी, साथ ही ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने और किसानों को अतिरिक्त आय उपलब्ध कराने में भी यह योजना महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

anil sahu
Author: anil sahu

जिला प्रतिनिधि सूरजपुर