मनेंद्रगढ़ में 22 फरवरी को आयोजित होगी राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा दो केंद्रों पर दो सत्रों में संपन्न होगी परीक्षा, 567 अभ्यर्थी होंगे शामिल

SHARE:

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

मनेंद्रगढ़ में 22 फरवरी को आयोजित होगी राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा

दो केंद्रों पर दो सत्रों में संपन्न होगी परीक्षा, 567 अभ्यर्थी होंगे शामिल

एमसीबी/ब्यूरो

20 फरवरी 2026/ छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा दिनांक 22 फरवरी 2026 (रविवार) को मनेंद्रगढ़ स्थित निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा दो सत्रों में संपन्न होगी। जिला प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार सेंटर कोड 3001-शासकीय विवेकानंद पी.जी. कॉलेज, वार्ड क्रमांक 14,झगराखण्ड रोड, मनेंद्रगढ़ में 285 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे।

वहीं सेंटर कोड 3002-शासकीय कन्या हायर सेकेण्डरी स्कूल शिक्षा, मेन रोड, पुलिस स्टेशन के पास, मनेंद्रगढ़ में 282 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इस प्रकार कुल 567 अभ्यर्थी परीक्षा में भाग लेंगे।

परीक्षा का प्रथम सत्र पूर्वान्ह 10ः00 बजे से 12ः00 बजे तक तथा द्वितीय सत्र अपरान्ह 03ः00 बजे से 05ः00 बजे तक आयोजित किया जाएगा। परीक्षा के सुचारू, शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष संचालन हेतु जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, विद्युत एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

परीक्षा के दौरान सतत निगरानी एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उड़नदस्ता दल का गठन किया गया है।

इस दल में श्री विजेन्द्र सारथी, डिप्टी कलेक्टर, जिला एमसीबी; सुश्री श्रुति ध्रुर्वे, तहसीलदार, मनेंद्रगढ़: तथा आराधना बनोद, उप निरीक्षक, थाना मनेंद्रगढ़ को नियुक्त किया गया है।

उक्त अधिकारी परीक्षा केन्द्रों का आकस्मिक निरीक्षण कर परीक्षा की पारदर्शिता एवं गोपनीयता बनाए रखने हेतु आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।

अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे परीक्षा प्रारंभ होने से 2 घण्टा पूर्व निर्धारित समय पर परीक्षा केंद्र में उपस्थित हों तथा प्रवेश पत्र एवं वैध फोटो पहचान पत्र साथ लाना सुनिश्चित करें।

आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करना अनिवार्य होगा। किसी भी प्रकार की अनियमितता की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को देने की अपील की गई है।

 

Aashiq khan
Author: Aashiq khan