अनुकम्पा नियुक्ति प्रकरण: प्राथमिकता के तौर पर निराकरण करें शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश

SHARE:

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

निरज साहू

कोरिया । कलेक्टर श्रीमती चन्दन त्रिपाठी ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की तथा अधिकारियों को कई निर्देश भी दिए हैं।
बैठक में छ.ग. राज्य अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण, (क्रेडा) से संबंधित विषयों पर चर्चा की गई। सम्बंधित अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि बैकुण्ठपुर एवं सोनहत विकासखण्ड के दूरस्थ आश्रमों, स्कूल, अस्पताल में लगे सौर संयंत्रों के बैटरी की वारंटी अवधि समाप्त होने पर नई बैटरी लगाने के प्राक्कलन, प्रस्ताव शीघ्र उपलब्ध कराया जाए।

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान सम्बंधित अधिकारियों को शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि दूरस्थ अंचल में शिविर आयोजित कर आयुष्मान कार्ड बनाया जाए। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत जिन गांवों में पहुंचविहीन मार्ग हो या सड़क मरम्मत कार्य किया जाना हो, ऐसे गांवों का प्राथमिकता के तौर पर चिन्हांकन करने के निर्देश दिए।
जिले के विभिन्न विभागों में अनुकम्पा नियुक्ति के सम्बंध में विभागवार समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने उच्च प्राथमिकता के साथ लंबित अनुकम्पा प्रकरण को निराकरण करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने विभिन्न विभागों लंबे समय से अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित शासकीय अधिकारियों, कर्मचारियों के बारे में जानकारी प्राप्त की और किए गए प्रयास के सम्बंध में जानकारी प्राप्त की। कलेक्टर ने ऐसे अनाधिकृत कर्मियों के खिलाफ नियमानुसार कार्यवाही करते हुए जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए हैं। कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने एसडीएम, जिला शिक्षा अधिकारी व तहसीलदारों से आय, जाति व निवास प्रमाण पत्र के बारे में भी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने सम्बंधित अधिकारियों को लंबित आवेदनों का त्वरित गति से निराकरण करने के निर्देश दिए हैं।
महिला एवं बाल विकास विभाग के समीक्षा के दौरान आंगनवाड़ी केंद्रों के बारे में भी जानकारी प्राप्त की। कलेक्टर ने नए आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए जमीन चिन्हित करने व जीर्ण भवनो को विखंडन करने तथा जीर्ण भवनों में आंगनबाड़ी नहीं संचालित करने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी ने राजस्व अधिकारियों से बंटवारा, नामांतरण, फौती सहित अन्य राजस्व प्रकरणों के निराकरण की जानकरी ली। उन्होंने बी-वन, खसरा पढ़कर सुनाने तथा इस दौरान प्राप्त आवेदनों एवं निराकरण स्थिति की समीक्षा की उन्होंने गिरदावरी के कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके अलावा, जनदर्शन के लंबित मामलों का जल्द से जल्द निपटारा करने और हाई कोर्ट के आदेशों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। आज जनदर्शन में कुल 70 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों को गंभीरता से परीक्षण कर निराकरण करने के निर्देश दिये।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी, अपर कलेक्टर श्रीमती अंकित सोम सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी मौजूद रहे।
neeraj kumar sahu
Author: neeraj kumar sahu

जिला प्रतिनिधि कोरिया

सबसे ज्यादा पड़ गई