

अनिल साहू
घरो से मंदिरों तक दिखी आस्था और सहभागिता, शहर से गांव तक हर वर्ग ने जलाया ‘आशीर्वाद का दिया
सूरजपुर। सेवा, संकल्प और जनभागीदारी की रोशनी से बुधवार की शाम पूरा सूरजपुर जिला जगमगा उठा। सेवा संकल्प अभियान की पहली पहल ‘आशीर्वाद का दिया’ के तहत जिले के नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर दीप प्रज्ज्वलित किए गए। घरों की चौखट, आंगन और प्रतिष्ठानों से लेकर मंदिरों, विद्यालयों, ग्राम पंचायतों एवं सार्वजनिक स्थलों तक जलते दीपों ने पूरे जिले में उत्सव जैसा वातावरण बना दिया।
‘आशीर्वाद का दिया’ अभियान में सूरजपुर जिले के सभी विकासखंडों एवं नगरीय निकायों से लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। शहर से गांव तक नागरिकों ने अपने घरों और प्रतिष्ठानों में दीप जलाकर अभियान से जुड़ने का संदेश दिया। ग्रामीण क्षेत्रों में परिवारों ने घर की चौखट और आंगन में दीप सजाए, वहीं नगरीय क्षेत्रों में भी लोगों ने सार्वजनिक स्थलों एवं विभिन्न परिसरों में दीप प्रज्ज्वलित सामूहिक सहभागिता का परिचय दिया।

ग्राम पंचायतों में भी दिखा उत्साह
ग्राम पंचायतों में जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों, स्वसहायता समूह की महिलाओं तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों ने सामूहिक रूप से दीप प्रज्ज्वलित किए। मंदिर परिसरों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर बड़ी संख्या में दीप जलाए जाने से वातावरण भक्तिमय एवं उत्सवमय नजर आया।
अभियान के माध्यम से लोगों ने सेवा, सद्भाव, सकारात्मकता और राष्ट्र निर्माण की भावना को आगे बढ़ाने का संदेश दिया। अलग-अलग स्थानों पर परिवारों ने एक साथ दीप जलाकर समाज में एकता और सहभागिता की भावना को मजबूत किया।

बच्चों और युवाओं की भागीदारी बनी आकर्षण का केंद्र
‘आशीर्वाद का दिया’ अभियान में स्कूली बच्चों और युवाओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विद्यार्थियों ने विद्यालय परिसरों के साथ-साथ अपने घरों में दीप जलाकर सेवा, राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत-2047 के संकल्प से जुड़ने का संदेश दिया। युवाओं ने भी उत्साह के साथ अभियान में सहभागिता निभाते हुए इसकी भावना को जन-जन तक पहुंचाने में योगदान दिया।
महिलाओं ने भी अभियान में विशेष उत्साह दिखाया। घरों और आंगनों में आकर्षक ढंग से दीप सजाकर महिलाओं ने इस पहल को उत्सव का स्वरूप दिया। स्वसहायता समूह की महिलाओं ने सामूहिक रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर अपनी सहभागिता दर्ज कराई।
प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित परिवारों ने भी अपने घरों में दीप जलाकर अभियान में सहभागिता की। पक्के घर का सपना पूरा होने के बाद हितग्राही परिवारों ने अपने आशियानों में दीप जलाकर खुशी साझा की।
अभियान में बच्चों से लेकर वरिष्ठ नागरिकों तक समाज के विभिन्न वर्गों की सहभागिता देखने को मिली। लोगों ने अपने-अपने स्तर पर दीप जलाकर सेवा और सकारात्मकता के संदेश को आगे बढ़ाया।

सेवा, संकल्प और जनभागीदारी की रोशनी
‘आशीर्वाद का दिया’ अभियान ने सूरजपुर में जनभागीदारी का व्यापक स्वरूप प्रस्तुत किया। शहर से गांव, घरों से मंदिरों और विद्यालयों से सार्वजनिक स्थलों तक दीपों की रोशनी दिखाई दी। सेवा संकल्प अभियान की इस पहल ने जिले में सेवा, सद्भाव, सकारात्मक सोच और राष्ट्र निर्माण की साझा भावना को एक साथ जोड़ने का संदेश दिया।
दीपों की रोशनी से जगमगाते सूरजपुर में ‘आशीर्वाद का दिया’ केवल दीप प्रज्ज्वलन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह जनभागीदारी, सेवा भावना और विकसित भारत के संकल्प से जुड़ने की सामूहिक अभिव्यक्ति के रूप में नजर आया।





