

अनिल साहू
सूरजपुर। सावन माह की पावन कांवड़ यात्रा के अवसर पर 10 अगस्त को सूरजपुर के छठ घाट से बड़ी संख्या में शिवभक्त पवित्र जल लेकर देवगढ़ धाम के लिए रवाना होंगे। इस अवसर पर शिवभक्तों की सेवा एवं सुविधा के लिए श्री सांवरिया सेठ सेवा समिति, सूरजपुर द्वारा मार्ग में विशाल जलपान एवं चिकित्सा सेवा शिविर लगाया जाएगा।
समिति के व्यवस्थापक हर्ष कुमार गुप्ता ने बताया कि कठिन पैदल यात्रा करने वाले कांवड़ियों की थकान दूर करने और उन्हें ऊर्जा प्रदान करने के उद्देश्य से सेवा शिविर में व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं।
शिविर में श्रद्धालुओं के लिए ताजा एवं गर्म पोहा, गरमा-गरम जलेबी, चाय और बिस्किट की व्यवस्था रहेगी। इसके साथ ही ताजे फल, स्वादिष्ट मिक्सचर तथा शुद्ध पेयजल पैकेट भी उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
कांवड़ यात्रा के दौरान स्वास्थ्य संबंधी आपात स्थिति को ध्यान में रखते हुए प्राथमिक चिकित्सा (मेडिकल किट) की भी विशेष व्यवस्था की गई है। शिविर में आवश्यक दवाइयां, बैंड-एड, मरहम-पट्टी सहित अन्य प्राथमिक उपचार सामग्री उपलब्ध रहेगी, जिससे चोटिल अथवा अस्वस्थ कांवड़ियों को तत्काल सहायता मिल सके।
समिति ने बताया कि श्री सांवरिया सेठ सेवा समिति पिछले कई वर्षों से सामाजिक एवं धार्मिक सेवा कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रही है। छठ महापर्व पर श्रद्धालुओं के बीच ठेकुआ महाप्रसाद वितरण से लेकर देवगढ़ धाम मार्ग पर कांवड़ियों की सेवा तक, समिति निरंतर निस्वार्थ भाव से जनसेवा का कार्य करती आ रही है।
समिति ने अपना संदेश देते हुए कहा कि—“कांवड़ियों की सेवा ही साक्षात भगवान भोलेनाथ की सेवा है। हमारी समिति का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी निष्ठा, श्रद्धा और सेवा भाव के साथ कांवड़ यात्रियों की सुविधा एवं स्वास्थ्य के लिए समर्पित रहेगा।”






