“खनिज माफियाओं पर प्रशासन का बड़ा प्रहार: 6 बाइक और कई टिपर जप्त, अवैध कारोबारियों में मचा हड़कंप”

SHARE:

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

अनिल साहू

सूरजपुर। जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर श्रीमती रेना जमील के निर्देश पर खनिज विभाग एवं जिला स्तरीय टास्कफोर्स द्वारा लगातार निगरानी और कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में अवैध रूप से कोयला और रेत का परिवहन कर रहे कई वाहनों को जप्त कर संबंधित वाहन मालिकों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किए गए हैं।

खनिज विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 07 जून 2026 को खनिज अमले ने तहसील सूरजपुर अंतर्गत ग्राम पचिरा से मानी चौक मार्ग पर विशेष जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान ग्राम बेलटिकरी के समीप अवैध रूप से कोयला परिवहन करते हुए 06 मोटरसाइकिलों को पकड़ा गया। इन वाहनों से लगभग 5 टन कोयला परिवहन किया जा रहा था। सभी वाहनों को जप्त कर पुलिस थाना सूरजपुर में सुरक्षित रखा गया है।

इसके अलावा ग्राम राजापुर, हर्राटिकरा एवं आसपास के क्षेत्रों में अवैध रेत परिवहन में संलिप्त 03 टिपर वाहनों के मालिकों के खिलाफ खनिज नियमों के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई।

वहीं 08 जून 2026 को राजापुर रेत खदान क्षेत्र के औचक निरीक्षण के दौरान खनिज विभाग ने अवैध रेत परिवहन में लगे 02 और टिपर वाहनों को जप्त किया। संबंधित वाहन मालिकों के विरुद्ध भी नियमानुसार प्रकरण दर्ज कर जप्त वाहन एवं खनिज को पुलिस थाना जयनगर के सुपुर्द किया गया।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनिज कारोबार पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

anil sahu
Author: anil sahu

जिला प्रतिनिधि सूरजपुर

सबसे ज्यादा पड़ गई