पीएम श्री लखनपुर बना कला का संगम: ‘आकार 2026’ में निखर रही प्रतिभाएं, 20 कला गुरुओं से सीख रहे विद्यार्थी

SHARE:

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

भरत लाल गुप्ता

15 दिवसीय समर कैंप में नृत्य, चित्रकला, मृदा शिल्प, बांस कला समेत दर्जनों विधाओं का प्रशिक्षण, आत्मनिर्भरता और संस्कृति संरक्षण का अनूठा प्रयास।

उदयपुर/लखनपुर। पीएम श्री विद्यालय लखनपुर में आयोजित 15 दिवसीय समर कैंप के अंतर्गत ‘आकार 2026’ कार्यक्रम का शुभारंभ उत्साहपूर्ण माहौल में किया गया। संस्कृति एवं पुरातत्व विभाग द्वारा आयोजित इस विशेष प्रशिक्षण शिविर में विद्यार्थियों को कला और संस्कृति की विविध विधाओं का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। अपनी क्रियात्मक एवं नवाचारी गतिविधियों के कारण पीएम श्री लखनपुर एक बार फिर सरगुजा जिले में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।

कार्यक्रम का शुभारंभ संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री प्रतिनिधि राकेश अग्रवाल, राहुल अग्रवाल, एसएमडीसी अध्यक्ष रवि अग्रवाल के मार्गदर्शन में हुआ। उद्घाटन सत्र में विद्यालय के प्राचार्य एवं आकार-2026 प्रभारी अनूप कुमार किंडो, अविनाश वर्मा, आशीष इक्का सहित शिक्षकों एवं प्रशिक्षार्थियों ने कला गुरुओं का पुष्प भेंट कर सम्मान किया।

‘आकार 2026’ के अंतर्गत विद्यार्थियों को नृत्य, नाटक, वाद्य यंत्र, चित्रकला, क्ले आर्ट, न्यूरल आर्ट, हस्तकला, ड्राई फ्लावर आर्ट, कोरसिया रजवाड़ भित्ति चित्र, मेहंदी, मृदा शिल्प, गोदना कला एवं बांस कला जैसी विविध लोक एवं आधुनिक कलाओं का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके लिए 20 अनुभवी कला गुरुओं की सेवाएं ली गई हैं।

उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए प्रभारी अनूप कुमार किंडो ने कहा कि यह प्रशिक्षण केवल कला सीखने तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को आत्मनिर्भरता और रोजगारोन्मुखी कौशल से भी जोड़ता है। उन्होंने प्रतिभागियों से पूरे मनोयोग के साथ प्रशिक्षण प्राप्त कर इसे अपने दैनिक जीवन में उपयोग करने का आह्वान किया।

उन्होंने जानकारी दी कि ‘आकार 2026’ का आयोजन केवल लखनपुर तक सीमित नहीं है, बल्कि शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय उदयपुर में भी प्रतिदिन शाम 5 बजे से 8 बजे तक संचालित किया जा रहा है, जहां इन्हीं कला गुरुओं द्वारा विभिन्न विधाओं का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्राचार्य ने सभी अतिथियों, कला गुरुओं एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा अधिक से अधिक विद्यार्थियों को इस प्रशिक्षण से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। उद्घाटन के बाद प्रशिक्षार्थियों ने विभिन्न कक्षों में जाकर प्रशिक्षण प्राप्त करना प्रारंभ किया।

कार्यक्रम के सफल संचालन में भगवती सिंह, राज सिंह यादव, राधेश्याम गुप्ता, पारुल सिंह एवं पुष्पा साहू का विशेष योगदान रहा।

 

anil sahu
Author: anil sahu

जिला प्रतिनिधि सूरजपुर

सबसे ज्यादा पड़ गई