गंगौटी में आखिर कैसे हुई बुजुर्ग की मौत? पुलिस जांच में जुटी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

SHARE:

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

अनिल साहू

**बसदेई पुलिस ने मौके पर पहुंचकर की जांच, पंचनामा कार्रवाई के बाद मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी पुलिस**

सूरजपुर/भैयाथान। जिले के बसदेई पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गंगौटी में एक 65 वर्षीय बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। मृतक की पहचान कृपाल सिंह पिता सुंदरसाय, उम्र लगभग 65 वर्ष, निवासी ग्राम गंगौटी के रूप में हुई है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बुजुर्ग की मौत से पहले उन्हें खून की उल्टी होने की बात सामने आई है। वहीं, उनके शराब सेवन करने की जानकारी भी मिल रही है। हालांकि, उनकी मौत किन परिस्थितियों में और किस कारण हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।

घटना की सूचना मिलते ही बसदेई पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक पंचनामा कार्रवाई की। पुलिस ने परिजनों एवं आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुटी हुई है।

 

anil sahu
Author: anil sahu