

अनिल साहू
सूरजपुर से 1.83 लाख नागरिकों का समर्थन, गोहत्या-निषेध सहित 30 से अधिक मांगों पर केंद्र सरकार से निर्णय की अपील
सूरजपुर। गोमाता की सेवा, सुरक्षा एवं सम्मान सुनिश्चित कराने की मांग को लेकर चलाए जा रहे ‘गो सम्मान आह्वान अभियान’ के द्वितीय चरण के तहत रविवार को सूरजपुर में कलेक्ट्रेट पहुंचकर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। अभियान के तहत देशभर के सभी जिलों से 15 करोड़ से अधिक नागरिकों के हस्ताक्षरों सहित प्रार्थना-पत्र सरकार को प्रेषित किए गए।
अभियान के प्रतिनिधियों ने बताया कि देशभर में पिछले छह माह से संतों, गौसेवकों एवं गोभक्तों के नेतृत्व में जनजागरण और हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के माध्यम से गोहत्या-निषेध के लिए केंद्रीय कानून बनाने, गोमाता को राष्ट्रमाता का सम्मान देने, केंद्रीय गो मंत्रालय की स्थापना, गोचर भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराने, केंद्रीय गो-चारा नीति लागू करने सहित 30 से अधिक प्रमुख मांगें सरकार के समक्ष रखी गई हैं।
जिला सूरजपुर से लगभग 1 लाख 83 हजार 578 नागरिकों के हस्ताक्षर संकलित किए गए। कुल 7,215 पन्नों के दस्तावेजों का डिजिटल रिकॉर्ड पेनड्राइव के साथ जिलाधिकारी के माध्यम से केंद्र सरकार को भेजा गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ गोमाता के पूजन, शंखनाद तथा “श्री राम जय राम जय जय राम” मंत्र के सामूहिक जप के साथ हुआ। इसके बाद रंगमंच मैदान से कलेक्ट्रेट तक शांतिपूर्ण प्रार्थना-यात्रा निकाली गई। यात्रा में भगवान श्रीकृष्ण-बलराम की झांकी, गोमाता की आकर्षक झांकी, अभियान के झंडे, बैनर और संदेश लिखे प्लेकार्ड शामिल रहे।
कलेक्ट्रेट पहुंचने पर संत-महात्माओं, विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा गणमान्य नागरिकों के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को ज्ञापन और हस्ताक्षरयुक्त प्रार्थना-पत्र सौंपा।
अभियान से जुड़े प्रतिनिधियों ने कहा कि गोमाता भारतीय संस्कृति, कृषि, पर्यावरण, ग्राम्य अर्थव्यवस्था और जनकल्याण का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने सरकार से अभियान की सभी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया। साथ ही कहा कि यह अभियान पूरी तरह शांतिपूर्ण, लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से संचालित किया जा रहा है तथा मांगों पर निर्णय होने तक चरणबद्ध रूप से जारी रहेगा।
कार्यक्रम में जिले के संत-महात्मा, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि, मातृशक्ति, युवा, किसान, व्यापारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में गोभक्त उपस्थित रहे।
Author: anil sahu
जिला प्रतिनिधि सूरजपुर




