

अनिल साहू
सूरजपुर। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नमदगीरी में मंगलवार को आकाशीय बिजली गिरने से एक 35 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम नमदगीरी निवासी विनय देवांगन (35 वर्ष) मंगलवार को अपने खेत में कृषि कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम ने करवट ली और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिर गई। बिजली की चपेट में आने से विनय देवांगन गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे तथा उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाने का प्रयास किया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा सहित आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी। युवक की असामयिक मृत्यु से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
गौरतलब है कि इन दिनों जिले में लगातार बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं सामने आ रही हैं। ऐसे में प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, खेतों तथा पेड़ों के नीचे जाने से बचें और सुरक्षित स्थान पर शरण लें, ताकि इस प्रकार की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।
Author: anil sahu
जिला प्रतिनिधि सूरजपुर





