

भरत लाल गुप्ता
दक्षिण अफ्रीकी कंपनी के रेडियो कॉलर से लोकेशन अपडेट बंद होने का दावा, थर्मल ड्रोन के भरोसे वन विभाग; ग्रामीणों में दहशत, 21वें करमा उत्सव के बीच सुरक्षा पर उठे गंभीर सवाल।
# चार दिन से ‘कबरा’ हाथी का रेडियो कॉलर खामोश! जंगल में हाथी लापता या निगरानी सिस्टम फेल?
**दक्षिण अफ्रीकी कंपनी के रेडियो कॉलर से लोकेशन अपडेट बंद होने का दावा, थर्मल ड्रोन के भरोसे वन विभाग; ग्रामीणों में दहशत, 21वें करमा उत्सव के बीच सुरक्षा पर उठे गंभीर सवाल**
उदयपुर, सरगुजा। विकासखंड उदयपुर में कबरा हाथी को सुरक्षित रेस्क्यू और ट्रैक करने के लिए चलाए जा रहे अभियान की तकनीकी व्यवस्था पर अब सवाल उठने लगे हैं। जिस कबरा हाथी की निगरानी के लिए चार दिन पहले दक्षिण अफ्रीका की कंपनी का अत्याधुनिक रेडियो कॉलर लगाया गया था, उसकी लोकेशन अपडेट नहीं मिलने की बात सामने आ रही है। दावा किया जा रहा है कि रेडियो कॉलर लगाने के बाद से अब तक वन विभाग को इसके माध्यम से हाथी की लोकेशन की नियमित जानकारी नहीं मिल पाई है। ऐसे में हाथी की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
**रेडियो कॉलर बंद होने की चर्चा, सर्वर पर साइबर अटैक की आशंका**
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रेडियो कॉलर बनाने वाली विदेशी कंपनी के सर्वर पर साइबर अटैक होने की बात सामने आ रही है, जिसके चलते लोकेशन अपडेट प्रभावित हुआ है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि और तकनीकी कारणों का स्पष्ट होना अभी बाकी है। फिलहाल वन विभाग थर्मल ड्रोन और मैदानी टीमों के माध्यम से हाथी की गतिविधियों पर नजर रखने का प्रयास कर रहा है। ड्रोन फुटेज में हाथी जंगल में घूमता दिखाई दिया है, लेकिन घने जंगल और पहाड़ी क्षेत्र के कारण उसकी सटीक लोकेशन पता करना चुनौती बना हुआ है।
**लाखों के विदेशी उपकरण पर सवाल, वैकल्पिक व्यवस्था कहां?**
इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि रेडियो कॉलर तकनीकी कारणों से काम करना बंद कर दे, तो हाथी की निगरानी के लिए वैकल्पिक व्यवस्था क्या है? लाखों रुपये खर्च कर विदेशी कंपनी की तकनीक पर भरोसा करने के बावजूद यदि समय पर लोकेशन उपलब्ध नहीं हो पा रही है, तो इसकी जवाबदेही किसकी होगी? ग्रामीणों और सोशल मीडिया पर लोगों ने इस व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई है। लोगों ने रेडियो कॉलर की गुणवत्ता, लागत और निगरानी प्रणाली की कार्यक्षमता की जांच कराने की मांग की है।
**21वें करमा उत्सव के बीच ग्रामीणों की सुरक्षा की चिंता**
उदयपुर, सलका-रिखी और अंबिकापुर सहित आसपास के गांवों में हाथी की आवाजाही का खतरा बना रहता है। आज सलका-रिखी स्थित योग आश्रम, टिहली पर्वत में 21वें वार्षिक करमा उत्सव का आयोजन भी हो रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों के शामिल होने की संभावना है। ऐसे में हाथी की सटीक लोकेशन और समय पर सूचना नहीं मिलना ग्रामीणों की चिंता बढ़ा रहा है। यदि हाथी आबादी वाले क्षेत्र के करीब पहुंचता है और समय पर चेतावनी नहीं मिलती, तो कोई अप्रिय घटना घट सकती है।
**पांच प्रमुख मांगों के साथ जवाबदेही तय करने की मांग**
ग्रामीणों और आम नागरिकों ने शासन-प्रशासन एवं वन विभाग के समक्ष पांच प्रमुख मांगें रखी हैं। इनमें रेडियो कॉलर की विफलता की उच्चस्तरीय जांच, उपकरण पर खर्च की गई राशि सार्वजनिक करना, संबंधित विदेशी कंपनी से जवाब-तलब करना, हाथी प्रभावित गांवों में सायरन एवं अलर्ट सिस्टम सक्रिय करना तथा व्हाट्सएप ग्रुप और गश्ती दल के माध्यम से नियमित सूचना उपलब्ध कराना शामिल है। साथ ही भविष्य में ऐसे उपकरणों की खरीदी से पहले स्थानीय विशेषज्ञों और जनप्रतिनिधियों से सुझाव लेने की मांग की गई है।
**हाथी की सुरक्षा के साथ ग्रामीणों की जान-माल की सुरक्षा भी जरूरी**
ग्रामीणों का कहना है कि हाथी वन्यजीव और पर्यावरण का महत्वपूर्ण हिस्सा है, इसलिए उसकी सुरक्षा भी उतनी ही जरूरी है जितनी आसपास के गांवों में रहने वाले लोगों की जान-माल की सुरक्षा। केवल तकनीकी उपकरणों के भरोसे निगरानी छोड़ने के बजाय वन विभाग को मजबूत मैदानी व्यवस्था और त्वरित सूचना तंत्र विकसित करना चाहिए।
अब देखना होगा कि वन विभाग इस तकनीकी समस्या का समाधान कितनी जल्दी करता है और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए क्या ठोस कदम उठाता है।





