

अनिल साहू
सूरजपुर। छठ महापर्व केवल आस्था का पर्व नहीं, बल्कि एकता, सहयोग और सेवा का अनुपम संगम है। इस भावना को जीवंत करते हुए श्री सांवरिया सेठ सेवा समिति ने इस वर्ष अनूठा संकल्प लिया है। समिति न केवल 100 किलो ठेकुवा महाप्रसाद का वितरण करेगी, बल्कि उन श्रद्धालुओं की भी मदद करेगी जो किसी कारणवश अपना छठ घाट या पूजा स्थल तैयार नहीं कर पा रहे हैं।
“कोई भक्त छठ पूजा से वंचित न रहे, कोई व्रती साधनहीन न रहे”—इस संकल्प के साथ समिति पूजा सामग्री जैसे बांस, डाला, सूप, दौरा और अन्य आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध कराएगी। जिन व्रतियों को घाट पर स्थान नहीं मिल पा रहा, उनके लिए समिति सुरक्षित और स्वच्छ स्थान की व्यवस्था करेगी, ताकि वे पूरे श्रद्धाभाव से छठी मइया की अराधना कर सकें।
समिति के मुख्य व्यवस्थापक हर्ष कुमार गुप्ता और सदस्य मेहुल विश्वास, संदीप पटेल व मनोज साहू के नेतृत्व में यह सेवा अभियान जोर-शोर से चल रहा है। समिति का एकमात्र उद्देश्य है कि हर श्रद्धालु का छठ पर्व खुशी, शांति और भक्ति से परिपूर्ण हो।
सेवा ही सच्ची साधना—इस मूल मंत्र के साथ श्री सांवरिया सेठ सेवा समिति जनसेवा का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत कर रही है। समिति की यह पहल न केवल श्रद्धालुओं के बीच आस्था का संचार कर रही है, बल्कि सामाजिक एकता को भी मजबूत कर रही है।
“छठी मइया सब पर कृपा बरसाएं, हर घर में उजाला और हर मन में विश्वास जगाएं।”
Author: anil sahu
जिला प्रतिनिधि सूरजपुर




