

अनिल साहू
सूरजपुर। जमीन के हिस्से के बंटवारे को लेकर हुए विवाद ने एक परिवार को तबाह कर दिया। चौकी चेन्द्रा क्षेत्र के ग्राम चन्द्रमेढ़ा में छोटे भाई की कथित हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी बड़े भाई और भाभी को गिरफ्तार कर लिया है।
मामले की जानकारी के अनुसार, ग्राम चन्द्रमेढ़ा निवासी कलेश्वर टोप्पो ने 19 अप्रैल 2026 को चौकी चेन्द्रा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके बड़े पिता धरमदेव टोप्पो और उनकी पत्नी सुषमा ने जमीन विवाद को लेकर महेन्द्र टोप्पो के साथ ईंट से मारपीट की थी। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने बीएनएस की धाराओं 296, 115(2) और 351(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की थी।
डीआईजी एवं एसएसपी सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देशन में पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच की। घायल महेन्द्र टोप्पो (50 वर्ष) का उपचार पहले सीएचसी भैयाथान, फिर जिला चिकित्सालय सूरजपुर और बाद में अंबिकापुर के संकल्प अस्पताल में कराया गया। लंबे इलाज के बावजूद उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ और 8 मई 2026 की सुबह घर पर ही उसकी मौत हो गई।
मृत्यु की सूचना मिलते ही चौकी चेन्द्रा पुलिस ने मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम कराया। पीएम रिपोर्ट में मौत को हत्यात्मक प्रकृति का पाए जाने के बाद पुलिस ने मामले में धारा 103(1) और 3(5) बीएनएस भी जोड़ दी।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी धरमदेव टोप्पो (60 वर्ष) और उसकी पत्नी सुषमा टोप्पो (43 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। दोनों ने घटना को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त ईंट भी बरामद कर ली गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को 8 मई 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस कार्यवाही में चौकी प्रभारी चेन्द्रा केश्वर मरावी, प्रधान आरक्षक राजकुमार सिंह, लालमन राजवाड़े, आरक्षक कमलेश्वर सिंह, दीपक खलखो, मनोज जायसवाल, जगत पैंकरा, महिला आरक्षक आशा लकड़ा सक्रिय रहे।
Author: anil sahu
जिला प्रतिनिधि सूरजपुर




