जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक सम्पन्न, शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाए जाएंगे आगामी सभी त्यौहार

SHARE:

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

अम्बिकापुर 26 जुलाई 2023/ कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन में बुधवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी 29 जुलाई को होने वाले त्योहार मोहर्रम और आगामी माह में आने वाले विश्व आदिवासी दिवस, जन्माष्टमी, रक्षाबंधन एवं गणेश चतुर्थी त्यौहार शांति एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया। बैठक में त्यौहार में रैली व जुलूस निकाले जाने को दृष्टिगत रखते हुए समय का बेहतर प्रबंधन करने पर चर्चा की गई।

प्रभारी कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगई ने बैठक में कहा कि जिस परंपरा से सरगुज़ा में त्यौहार मनाया जाता है उसी परंपरा के अनुरूप आगे भी मनाते रहेंगे। जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन व अधिकारी-कर्मचारी इस परंपरा के निर्वहन में कोई समस्या न हो यह सुनिश्चित करेंगे। पेयजल, विद्युत और ट्रैफिक से संबंधित समस्त सुविधाएं व्यवस्थित रखी जाएंगी। उन्होंने त्यौहार के बाद स्वच्छता के संबंध में वॉलंटियर होकर निगम अमले की मदद करने भी समिति के समक्ष अपील रखी।

उन्होंने त्यौहारों की सौहार्द्रता बनाए रखने पर बात करते हुए कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से आपत्तिजनक पोस्ट अफवाह व भ्रामक वीडियो, संदेश आदि ना फैले। इसका विशेष ध्यान रखें। ऐसा करने वालों पर नियंत्रण के लिए सामाजिक स्वतः नियामक समिति के माध्यम से संबंधित को समझाइश देने की बात कही गई।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विवेक शुक्ला ने कहा कि धार्मिक आयोजनों के दौरान सुरक्षा की दृष्टि से अपने स्तर पर भी तैयारी अवश्य रखें। आयोजनों में डीजे की साउंड रात्रि 10 बजे के बाद जो डेसिबल तय किया गया है, इसका ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि अस्त्र शस्त्र का प्रयोग ना हो। युवाओं और बच्चों को पूर्व समझाइश दी जाए।

इस अवसर पर बीस सूत्रीय क्रियान्वयन समिति के उपाध्यक्ष श्री अजय अग्रवाल ने जिले की परंपरा के अनुरूप आगामी त्यौहारों को भी आपसी भाईचारे के साथ मनाया जायेगा। जिले में प्रशासन और जनता के आपसी सहयोग से सद्भाव कायम रखा गया है। आने वाले पर्वों को भी इसी तरह मिलजुलकर मनाया जायेगा।

महापौर डॉ अजय तिर्की ने कहा कि सौहार्दपूर्ण वातावरण में सभी त्यौहार मनाए जाएंगे। जुलूस धार्मिक व आस्थापूर्ण होनी चाहिए। निगम द्वारा समस्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। अपनी संस्कृति और परंपरा को जोड़ कर रखा जाएगा।

राज्य मदरसा बोर्ड के सदस्य श्री इरफान सिद्दीकी ने बैठक में मोहर्रम के नियमों की जानकारी दी और आवश्यक व्यवस्थाओं की मांग प्रशासन के समक्ष रखी। पार्षद श्री आलोक दुबे ने कहा कि आगामी त्यौहारों में प्रशासन का सहयोग करते हुए आयोजन किए जायेंगे। पार्षद श्री द्वितेन्द्र मिश्रा ने अपनी बात रखते हुए कहा कि धार्मिक आयोजनों में समितियों को प्रशासन का सहयोग करना चाहिए। बैठक में श्री जे.पी. श्रीवास्तव, श्री कर्ता राम, श्री भरत सिंह सिसोदिया, श्री अनुज प्रताप सिंह टेकाम, श्री नुवल सिद्दीकी, श्री इस्लाम सिद्दीकी ने भी अपनी बात रखी। बैठक में अपर कलेक्टर श्री ए.एल. ध्रुव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विवेक शुक्ला, एस.डी.एम. श्रीमती पूजा बंसल सहित शांति समिति के सदस्य व विभिन्न समुदाय के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

 

Aashiq khan
Author: Aashiq khan

सबसे ज्यादा पड़ गई