जिले में ‘वंदे मातरम‘ की गूंज वर्ष भर चलेगा राष्ट्रीय एकता और गौरव का महोत्सव

SHARE:

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

नीरज साहू

कोरिया। वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ पूरे देश के लिए गर्व और राष्ट्रभक्ति का अद्वितीय अवसर है। भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के मार्गदर्शन में इस ऐतिहासिक पर्व को वर्षभर चलने वाले महाअभियान के रूप में मनाया जा रहा है। देश के साथ कोरिया जिले में भी यह आयोजन जनभागीदारी के साथ चार चरणों में ग्राम पंचायत से लेकर राज्य स्तर तक भव्य रूप में संपन्न किया जाएगा।

वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने पर कार्यक्रम का शुभारंभ आज प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा सुबह 10 बजे किया गया।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि वन्दे मातरम की 150वीं वर्षगांठ केवल एक स्मरणीय अवसर नहीं, बल्कि राष्ट्र की एकता, आत्मगौरव और मातृभूमि के प्रति समर्पण का जीवंत संदेश है। यह आयोजन छत्तीसगढ़ की नई पीढ़ी को भारत की सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ते हुए उनमें देशभक्ति, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रीय चेतना की भावना को और गहराई देगा।

उन्होंने कहा कि वंदे मातरम् केवल गीत नहीं, बल्कि भारत की आत्मा का स्वर है, जिसकी गूंज हर नागरिक के हृदय में नई ऊर्जा और गर्व का संचार करेगी।

प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के उद्बोधन के पश्चात जिला पंचायत के मंथन कक्ष में कलेक्टर श्रीमती चन्दन त्रिपाठी, जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी, अपर कलेक्टर सुरेन्द्र प्रसाद वैद्य, डी डी मंडावी सहित विभिन्न विभागों के जिलाधिकारियों द्वारा वन्दे मातरम का समूहिक गायन किया गया।


पशुधन विकास विभाग, जनपद पंचायत बैकुंठपुर, महिला एवं बाल विकास, स्कूल शिक्षा, मत्स्य पालन विभाग, जनपद पंचायत सोनहत, ग्राम पंचायत मधला, मेन्द्रा, स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट शासकीय मा. विद्यालय कटगोड़ी, विभिन्न ग्राम पंचायतो स्कूलों में भी समूहिक वन्दे मातरम का गायन व प्रधानमंत्री जी का उद्बोधन सुना गया।

गीत के बोल और धुन पोर्टल  vandemataram150.in
पर उपलब्ध हैं। कार्यक्रम चार चरणों में आयोजित होगा- प्रथम चरण 7 से 14 नवम्बर 2025, द्वितीय चरण 19 से 26 जनवरी 2026, तृतीय चरण 7 से 15 अगस्त 2026 (हर घर तिरंगा अभियान के साथ) और चतुर्थ चरण 1 से 7 नवम्बर 2026 तक चलेगा। इस दौरान जिला, जनपदों, ग्राम पंचायतों, शैक्षणिक संस्थानों, कार्यालयों एवं सामाजिक संगठनों में राष्ट्रगीत के सामूहिक गायन के साथ विविध कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

neeraj kumar sahu
Author: neeraj kumar sahu

जिला प्रतिनिधि कोरिया