नशे का काला साम्राज्य बेनकाब! एक की गिरफ्तारी से खुली सप्लाई चेन, पुलिस ने तीनों को दबोचा

SHARE:

[responsivevoice_button voice="Hindi Female"]

अनिल साहू

सूरजपुर में नशीले इंजेक्शन के अवैध कारोबार का भंडाफोड़, विक्रेता समेत 3 आरोपी गिरफ्तार; 29 इंजेक्शन जब्त

चंदरपुर में घर से चल रहा था नशीले इंजेक्शन की बिक्री का कारोबार, पूछताछ में सप्लायरों के नाम उजागर होने पर पुलिस ने देवनगर और रामानुजनगर में दी दबिश

सूरजपुर। जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ सूरजपुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नशीले इंजेक्शन की बिक्री और सप्लाई में संलिप्त तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अलग-अलग प्रकार के कुल 29 नशीले इंजेक्शन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 15 हजार रुपये बताई गई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक श्री योगेश कुमार पटेल (भापुसे) ने जिले में अवैध नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने और इसमें संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में 17 नवंबर 2026 को थाना सूरजपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि चंदरपुर निवासी नंदकेश्वर साहू अपने घर में अवैध रूप से नशीले इंजेक्शन रखकर उनकी बिक्री कर रहा है।

सूचना पर तत्काल पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदेही नंदकेश्वर साहू की मौजूदगी में उसके मकान की विधिवत तलाशी ली। तलाशी के दौरान पुलिस ने एविल इंजेक्शन 15 नग, आईपीपीएल इंजेक्शन 6 नग तथा रेक्सोजेसिक इंजेक्शन 8 नग, इस प्रकार कुल 29 इंजेक्शन बरामद किए।

पूछताछ में सामने आए सप्लायरों के नाम

पुलिस की पूछताछ में नंदकेश्वर साहू ने बताया कि वह उक्त नशीले इंजेक्शन रहमान निवासी देवनगर और ममसाद अली उर्फ गुड्डा निवासी रामानुजनगर से खरीदकर लाया था। इसके बाद पुलिस ने दोनों बताए गए स्थानों पर दबिश देकर उन्हें भी हिरासत में लिया।

मामले में पुलिस ने कुल 29 नशीले इंजेक्शन जब्त करते हुए आरोपियों के विरुद्ध धारा 21(सी), 29(1) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर तीनों को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार किए गए आरोपी

* नंदकेश्वर साहू पिता जीतन साहू, उम्र 41 वर्ष, निवासी चंद्रपुर देवल्लापारा, थाना सूरजपुर।

* ममसाद अली उर्फ गुड्डा पिता रहमत अली, उम्र 44 वर्ष, निवासी त्रिपुरेश्वरपुर डगमला, थाना रामानुजनगर।

* रहमान उर्फ अब्दुल रहमान पिता स्व. मोहम्मद रमजान, उम्र 47 वर्ष, निवासी देवनगर नवापारा।

इन पुलिसकर्मियों की रही सक्रिय भूमिका

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी सूरजपुर प्रहलाद यादव, पीएसआई नागेश कुमार, पीएसआई रुचि रजक, आरक्षक परमेश्वर राजवाड़े एवं आरक्षक रामेश्वर जगनायक की सक्रिय भूमिका रही।

 

anil sahu
Author: anil sahu

सबसे ज्यादा पड़ गई