
परशुरामपुर हाई स्कूल में 60 छात्रों को मिली सरस्वती साइकिल

जिपं उपाध्यक्ष रेखा राजवाड़े ने कहा – बेटियां शिक्षा में बेटों से आगे
रामानुजनगर, सूरजपुर। जनपद क्षेत्र के ग्राम परशुरामपुर स्थित शासकीय हाई स्कूल में शुक्रवार को मुख्यमंत्री सरस्वती साइकिल योजना के तहत कुल 60 छात्रों को साइकिल वितरित की गई।
साइकिल वितरण समारोह जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती रेखा राजवाड़े की मुख्य आतिथ्य, सरपंच मीरा सिंह की विशिष्ट आतिथ्य एवं शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष दीप नारायण सिंह की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिपं उपाध्यक्ष रेखा राजवाड़े ने छात्रों से अच्छी शिक्षा ग्रहण कर अनुशासन के साथ आगे बढ़ने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही जीवन को बदलने का सबसे बड़ा माध्यम है।
सरपंच मीरा सिंह ने कहा कि आज बेटियां पढ़-लिखकर हर क्षेत्र में बेटों से आगे निकल रही हैं। उन्होंने समस्त बेटियों को आशीर्वाद देते हुए शिक्षा पर विशेष फोकस करने की बात कही।
SMC अध्यक्ष दीप नारायण सिंह ने छात्रों से नियमित रूप से विद्यालय पहुंचने और मेहनत से पढ़ाई कर अपना भविष्य संवारने की अपील की।
इस अवसर पर उप सरपंच गोपाल सिंह, राजलाल राजवाड़े, गिरधारी पंडो, रामप्रसाद राजवाड़े, चमरू राम, रामबाई, फुलेश्वरी सहित स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित थेl




