

अनिल साहू
73 छात्र-छात्राओं को छाता वितरित किया
सूरजपुर/ बिश्रामपुर । क्षेत्र के प्रथम बस्तामुक्त विद्यालय शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला रुनियाडीह में अखिल भारतीय अग्रवाल महिला सम्मेलन सूरजपुर के अध्यक्ष श्रीमती आशा अग्रवाल एवं सचिव श्रीमती प्रिया अग्रवाल के नेतृत्व में समिति सदस्यों द्वारा विद्यालय में अध्यनरत समस्त 73 छात्र-छात्राओं को छाता वितरित किया गया। संस्था प्रमुख सीमांचल त्रिपाठी द्वारा बताया गया कि इस समय जिले में तेज बारिश हो रही है जिसके कारण बच्चों को विद्यालय आने में काफी परेशानी हो रही है। बच्चों के पास छाता न होने के कारण या तो वे विद्यालय नहीं आते थे या फिर गीले होकर आना उनकी मजबूरी होती थी, जिससे बच्चे बीमार पढ़ते थे और पढ़ाई छूटता था। इन सब परेशानियों को देखकर संस्था प्रमुख द्वारा अखिल भारतीय अग्रवाल महिला सम्मेलन की अध्यक्ष आशा अग्रवाल से सभी बच्चों के लिए छाता की मांग रखी। बच्चों को बरसात से बचाने के लिए छाता दिया जाता तो बच्चे प्रतिदिन विद्यालय आते और सीखने सिखाने की कड़ी में अपना योगदान देते अर्थात गतिविधि आधारित शिक्षण कार्य में रुचि लेकर सीखते। बताते चलें कि विद्यालय में इस वर्ष 73 बच्चे दर्ज हैं और आज 69 बच्चे उपस्थित थे। जो चार बच्चे अनुपस्थित रहे, उनमें दो बच्चे अपने माता के साथ नाना घर लंबे समय से गए हुए हैं तो वहीं दो बच्चे टाइफाइड बुखार हो जाने के कारण विद्यालय नहीं आए थे। अतिथियों का स्वागत संस्था प्रमुख के नेतृत्व में संस्था की प्रधानमंत्री निशु राजवाड़े, सांस्कृतिक मंत्री रूपा सिंह, टिकेश्वरी राजवाड़े तथा घरभरन राजवाड़े द्वारा किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्या की देवी मां सरस्वती की पूजन अर्चन के साथ किया गया। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में श्रीमती आशा अग्रवाल द्वारा बच्चों को प्रतिदिन स्कूल आने, अनुशासन में रहने, घर पर भी पढ़ने बैठने तथा आसपास के खाली जगह में वृक्षारोपण कर उनका संवर्धन-संरक्षण करने हेतु प्रेरित किया गया। इस दौरान संस्था से श्रीमती आशा अग्रवाल, श्वेता अग्रवाल, प्रिया अग्रवाल, कमलेश अग्रवाल, पिंकी अग्रवाल, काजल अग्रवाल, शेफाली अग्रवाल, डिंकी अग्रवाल, नीता अग्रवाल, जया अग्रवाल, सोनू अग्रवाल, मंजू अग्रवाल, निशा अग्रवाल तथा अनंत अग्रवाल उपस्थित रहे। आए हुए अतिथियों ने बच्चों से पहाड़ा, कविता व गीत सुना, सामान्य ज्ञान के प्रश्नों को पूछा, जिनका सही जवाब बच्चों ने बढ़-चढ़कर दिया, जिससे अतिथियों द्वारा प्रसन्नता व्यक्त किया गया। सही जवाब देने वाले शिवम विश्वकर्मा, नितेश राजवाड़े, पीयूष, कार्तिक विश्वकर्मा, घर भरन राजवाड़े, वंदना राजवाड़े, रेशमी राजवाड़े, निशु राजवाड़े, दुर्गेश्वरी विश्वकर्मा, विनीता राजवाड़े, मनीता राजवाड़े तथा धनेश्वर सारथी को कॉपी-पेन, पेंसिल, कटर, स्लेट, स्केच पेन, वाटर कलर, ड्राइंग बुक पुरस्कार स्वरुप दिया गया तथा सभी बच्चों को लोटो चोको केक तथा चॉकलेट बांटी गई। इस दौरान संस्था में पदस्थ शिक्षक रिजवान अंसारी श्रीमती एम. टोप्पो तथा श्रीमती पूनम गुप्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन एक पेड़ मां के नाम वृक्षारोपण कर किया गया। उपस्थित अतिथियों ने पीपल पेड़ लगाकर पर्यावरण के प्रति स्नेह, अधिक ऑक्सीजन मुक्त करने वाले पौधों को रोपण करने, सुरक्षित रखने पर बल दिया और कहा कि पेड़ है, तो जल है और जल है तो जहान है, अतः पेड़ है तो हम हैं।विदित हो कि अखिल भारतीय अग्रवाल महिला समिति के सदस्य वर्ष 2015 से विद्यालय से जुड़े हुए हैं। आपके द्वारा पूर्व में भी कभी स्वेटर-टोपी तो कभी छाता विद्यालय के बच्चों को प्रदान किया जाता रहा है। उनके इस कार्य पर विद्यालय परिवार द्वारा हार्दिक आभार जताया गया।
Author: anil sahu
जिला प्रतिनिधि सूरजपुर






